रायपुर में 8 से 11 अगस्त तक होगा ‘तिरंगा शक्ति फेस्ट 2026’, कला और राष्ट्रभक्ति का होगा संगम

रायपुर,5 अगस्त 2026
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में रायपुर नगर पालिक निगम, कला केंद्र एवं रायपुर डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट संस्कृति के संयुक्त तत्वावधान में ‘तिरंगा शक्ति फेस्ट 2026’ का आयोजन 8 से 11 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। यह आयोजन देशभक्ति, नारी शक्ति, स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान और महापौर मीनल चौबे द्वारा घोषित ‘अपराजिता महिला आत्मरक्षा अभियान’ की भावना को समर्पित रहेगा।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य रायपुर की छिपी हुई प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच प्रदान करना और कला, संस्कृति एवं राष्ट्रभक्ति के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता में आयु की कोई सीमा नहीं रखी गई है। विद्यार्थी, गृहिणी, युवा, वरिष्ठ नागरिक, पेशेवर और सभी कला प्रेमी इसमें भाग ले सकते हैं।
प्रतियोगिताओं में एकल एवं समूह गायन, एकल एवं समूह नृत्य, फैंसी ड्रेस, चित्रकला, कविता पाठ (ओपन माइक), वाद्य संगीत और बैंड प्रस्तुति शामिल रहेंगी। सभी प्रस्तुतियां देशभक्ति, भक्ति तथा शास्त्रीय एवं अर्धशास्त्रीय विषयों पर आधारित होंगी।
ऑडिशन 10 और 11 अगस्त को टाउन हॉल, घड़ी चौक, रायपुर में आयोजित किए जाएंगे। चयनित प्रतिभागियों को 14 अगस्त को आयोजित भव्य फिनाले में महापौर मीनल चौबे, विशिष्ट अतिथियों और बड़ी संख्या में दर्शकों के सामने प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा।
आयोजकों ने बताया कि सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे, जबकि विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र से सम्मानित किया जाएगा।
पंजीयन शुल्क इस प्रकार निर्धारित किया गया है— एकल ₹249, युगल ₹349, 6 सदस्यों तक का समूह ₹599 तथा अतिरिक्त सदस्य के लिए ₹99 प्रति व्यक्ति। पंजीयन एवं अधिक जानकारी के लिए आयोजकों ने संपर्क नंबर भी जारी किए हैं।




