
जगदलपुर, 25 अप्रैल 2026। आगामी जनगणना को सरल और प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। विशेष ग्राम सभाओं और पंचायत स्तर की बैठकों के जरिए ग्रामीणों को स्वगणना (Self Enumeration) की पूरी प्रक्रिया समझाई जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि अब ग्रामीण ऑनलाइन माध्यम से स्वयं अपने परिवार की जानकारी निर्धारित प्रारूप में भर सकते हैं। इसमें परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर, पता, मकान की स्थिति, परिवार के सदस्यों का विवरण, वाहन, बिजली-पानी जैसी सुविधाओं से जुड़ी जानकारी शामिल है। सही और पूरी जानकारी दर्ज करने पर जोर दिया जा रहा है ताकि जनगणना के दौरान प्रेक्षकों को सुविधा मिले और समय की बचत हो।
बैठकों में यह भी बताया गया कि जनगणना देश की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके आधार पर सरकार विकास योजनाएं तैयार करती है और संसाधनों का वितरण तय होता है। इसलिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
प्रशासन द्वारा पंचायत स्तर पर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही ग्रामीणों की शंकाओं का समाधान कर उन्हें स्वगणना में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।




