देश-विदेश

‘भय से भरोसे की यात्रा शुरू हो चुकी है’, कोलकाता में अमित शाह का बड़ा बयान, बंगाल में सत्ता परिवर्तन का दावा

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। दूसरे चरण के मतदान से पहले कोलकाता में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा राजनीतिक दावा किया है। शाह ने कहा कि इस बार बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है और जनता बदलाव के मूड में है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमित शाह ने दावा किया कि पहले चरण की 152 सीटों में से बीजेपी करीब 110 सीटें जीतने की स्थिति में है। उन्होंने कहा कि इस बार का मतदान “भय से भरोसे की यात्रा” है, जिसमें जनता ने भारी उत्साह के साथ हिस्सा लिया है।

शाह ने कहा, “बंगाल की जनता ने पहले चरण में ही यह स्पष्ट कर दिया है कि वह परिवर्तन चाहती है। जनता ने लोकतंत्र पर भरोसा जताते हुए बड़ी संख्या में मतदान किया है।”

उन्होंने आगे दावा किया कि इस बार राज्य में बीजेपी की सरकार बनेगी और ममता बनर्जी को लेकर भी तीखा बयान दिया। शाह ने कहा, “दीदी का जाना तय है और बीजेपी की सरकार आ रही है।”

गृह मंत्री ने यह भी कहा कि पार्टी का आकलन है कि पहले चरण की सीटों में बीजेपी को बड़ी बढ़त मिल रही है और आने वाले चरणों में यह रुझान और मजबूत होगा। उन्होंने दावा किया कि बंगाल का अगला मुख्यमंत्री राज्य में जन्म लेने वाला होगा।

शाह ने सुरक्षा व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद बंगाल में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हुआ है और इसके लिए पुलिस व प्रशासन को धन्यवाद दिया जाना चाहिए।

भाजपा का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास की यात्रा में बंगाल भी शामिल हो रहा है और जनता बदलाव के लिए तैयार है। वहीं, विपक्षी दल इन दावों को राजनीतिक बयानबाजी बता रहे हैं।

दूसरे चरण के मतदान से पहले अमित शाह के इस बयान ने राज्य की राजनीति में हलचल तेज कर दी है और चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar