देश-विदेश

ईरान के मिसाइल हमले में भारतीय नाविक की मौत, UAE के तेल टैंकर बने निशाना; 8 घायल

मिडिल ईस्ट,14 जुलाई 2026

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास UAE के दो तेल टैंकरों पर कथित मिसाइल हमला हुआ है। इस हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि छह भारतीयों समेत आठ चालक दल के सदस्य घायल बताए गए हैं। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

UAE के दो तेल टैंकर बने निशाना

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, उसके झंडे वाले ‘मोम्बासा’ (Mombasa) और ‘अल बहियाह’ (Al Bahiyah) नामक तेल टैंकरों को ओमान के क्षेत्रीय जलक्षेत्र में ईरानी क्रूज मिसाइलों से निशाना बनाया गया। हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हुई, जबकि अन्य घायलों में दो यूक्रेनी नागरिक भी शामिल हैं।

भारत के प्रति संवेदना, हमले की निंदा

UAE के विदेश मंत्रालय ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताया। मंत्रालय ने भारत सरकार और भारतीय नागरिक की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए गहरी संवेदना भी जताई।

ईरान-अमेरिका तनाव के बीच बढ़ी चिंता

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका लगातार तीसरी रात ईरान के सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले कर चुका है। इसके जवाब में ईरान क्षेत्र में अमेरिकी हितों और सहयोगी देशों से जुड़े ठिकानों को निशाना बना रहा है। इससे पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव और बढ़ गया है।

यमन से सऊदी अरब की ओर भी मिसाइलें

रिपोर्ट के अनुसार, यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के आभा एयरपोर्ट की दिशा में कई मिसाइलें दागीं। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सऊदी अरब ने इस हमले की निंदा करते हुए उचित जवाब देने की चेतावनी दी है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar