
उत्तर बस्तर कांकेर , 19/05/26। अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत टेमरूपानी के आश्रित ग्राम खोड़पानी (गावड़ेपारा) में जल जीवन मिशन के तहत स्थापित सोलर ड्यूल पंप अब फिर से सुचारू रूप से कार्य करने लगा है। संयंत्र के दोबारा चालू होने से ग्रामीणों को नियमित रूप से पेयजल मिलने लगा है, जिससे गांव में राहत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, क्रेडा विभाग द्वारा जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत गांव में सोलर ड्यूल पंप स्थापित किया गया था। प्रारंभिक दौर में संयंत्र ठीक ढंग से कार्य कर रहा था, लेकिन कुछ महीनों बाद बोरवेल कोलेप्स हो जाने के कारण यह बंद हो गया था।
इस संबंध में सहायक अभियंता क्रेडा डी.एस. सिदार ने बताया कि संयंत्र को दोबारा चालू कराने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग कांकेर से नए बोरवेल की मांग की गई थी। विभाग द्वारा नया बोरवेल खनन किए जाने के बाद क्रेडा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्पेयर पंप मोटर, एचडीपीई पाइप, रोप वायर, केबल सहित अन्य आवश्यक सामग्री स्थापित की।
तकनीकी सुधार कार्य पूरा होने के बाद सोलर ड्यूल पंप को पुनः कार्यशील कर दिया गया है। अब गांव के लोगों को नियमित पेयजल आपूर्ति मिल रही है, जिससे ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या दूर हो गई है।




