रायपुर में कैनाल रोड को लेकर विरोध तेज, 1300 घरों पर मंडराया खतरा

रायपुर , 18 /05/26 ! रायपुर के गुरुमुख नगर पचपेड़ी नाका से भाटागांव तक प्रस्तावित कैनाल रोड 2.0 परियोजना को लेकर विवाद गहरा गया है। सड़क चौड़ीकरण के लिए करीब 1300 घरों को तोड़ने की तैयारी की जा रही है, जिसके विरोध में प्रभावित परिवारों ने नगर निगम का घेराव किया।
पीड़ित परिवारों का आरोप है कि बिना नोटिस दिए सर्वे किया जा रहा है और वर्षों से बसे लोगों को बेघर करने की साजिश रची जा रही है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इलाके में पहले से 30 फीट जगह उपलब्ध है, फिर भी 80 फीट चौड़ी सड़क बनाने का प्रावधान रखा गया है।
लोगों ने साफ कहा कि उन्हें 80 फीट चौड़ी सड़क नहीं चाहिए और वे अपना घर छोड़ने को तैयार नहीं हैं। उनका आरोप है कि विस्थापन नियमों का पालन नहीं किया जा रहा और करीब 40 साल से रह रहे परिवारों के भविष्य को खतरे में डाला जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में प्रभावित परिवार नगर निगम पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। फिलहाल इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों और प्रशासन के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।




