
जगदलपुर,22 सितम्बर 2026
रोटरी क्लब ऑफ जगदलपुर एवं डांड चौक गणेश समिति के संयुक्त तत्वावधान में 19, 20 एवं 22 सितंबर 2026 को संग्राम कप वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 21 टीमों ने हिस्सा लिया। इसमें बड़े मारेंगा की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि दोदरेपाल की टीम उपविजेता रही।
रोटरी के “11 दिन, 11 पुण्यकार्य—सेवा ही प्रसाद है” अभियान के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और मादक पदार्थों एवं तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था। आयोजन के माध्यम से रोटरी के सामाजिक सेवा कार्यों को आमजन तक पहुंचाने के साथ युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमआईसी सदस्य रोटेरियन संग्राम सिंह राणा रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों के लिए ट्रॉफियां प्रायोजित कर प्रतियोगिता में सहयोग दिया। रोटरी क्लब ऑफ जगदलपुर एवं डांड चौक गणेश समिति ने उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
आयोजकों ने सभी प्रतिभागी टीमों एवं प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वाले लोगों का धन्यवाद देते हुए खेलों के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में अटल बिहारी वाजपेयी वार्ड पार्षद बसंती समरथ, रोटरी क्लब अध्यक्ष मनोज थॉमस एवं सचिव अंकित गोयल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




