छत्तीसगढ़

नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनाव की तैयारियां तेज, 1 जून को होगा मतदान

जगदलपुर में नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा उपचुनाव की घोषणा के बाद जिला प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित की।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आकाश छिकारा के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी ने की। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन कार्यक्रम और प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 11 मई से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी, जो 18 मई तक चलेगी। इसके बाद 1 जून को मतदान कराया जाएगा, जबकि 4 जून को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता लागू हो चुकी है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी ने सभी राजनीतिक दलों से निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने की अपील की।

प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar