‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ का बार-बार उल्लेख प्रदेश के लिए गौरव: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर,26 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को राजधानी रायपुर के फाफाडीह स्थित दया भवन में युवाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 136वीं कड़ी सुनी। कार्यक्रम के बाद उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ समाज में हो रहे प्रेरणादायी कार्यों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाला एक सशक्त मंच बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लगातार छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत और नवाचारों का उल्लेख किया जाना प्रदेशवासियों के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि इससे पहले मल्हार की पुरातात्विक विरासत, बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों को भी राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली है।
उन्होंने कहा कि इस बार प्रधानमंत्री ने ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत कोरबा में जल संरक्षण और भूजल पुनर्भरण के उत्कृष्ट प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री के अनुसार, कोरबा में भू-स्थानिक मैपिंग, शैलो एक्विफर मैनेजमेंट, रिचार्ज वेल और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से वर्षा जल संरक्षण का प्रभावी कार्य किया जा रहा है, जिससे भविष्य में जल उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, तालाबों के संरक्षण, भूजल पुनर्भरण और वृक्षारोपण को जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से बारिश की हर बूंद को सहेजने और जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कारगिल विजय दिवस पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि भारतीय सेना का साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान देशवासियों को सदैव राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। साथ ही ‘वोकल फॉर लोकल’ के संदेश को अपनाते हुए कोसा, हथकरघा वस्त्र, बेलमेटल, बांस शिल्प, माटी कला और वन उत्पादों जैसे स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया।
उन्होंने गणेशोत्सव के दौरान मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं के उपयोग को पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय कारीगरों के सम्मान से जोड़ते हुए इसे अपनाने की अपील की। साथ ही ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता का भी आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल, विज्ञान, अंतरिक्ष और नवाचार के क्षेत्र में भारतीय युवाओं की उपलब्धियां देश का गौरव बढ़ा रही हैं। राज्य सरकार भी युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास, खेल सुविधाएं और नवाचार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।




