छत्तीसगढ़

नोडल अधिकारी ने पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल का किया निरीक्षण, छात्रों को करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए किया प्रेरित

करपावंड, 19 जुलाई 2026

पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, करपावंड का नोडल अधिकारी एवं तहसीलदार श्री रुपेश कुमार मरकाम ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मध्यान्ह भोजन व्यवस्था, जीव विज्ञान, रसायन एवं भौतिक विज्ञान प्रयोगशालाओं, कक्षाओं तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति का विस्तार से अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान प्राचार्य श्री दशमत कुमार कश्यप ने बताया कि विद्यालय में मध्यान्ह भोजन फिलहाल अस्थायी शेड में संचालित हो रहा है तथा मध्यान्ह भोजन भवन की मांग शासन से की गई है, लेकिन अभी तक इसकी स्वीकृति नहीं मिली है।

नोडल अधिकारी ने प्रयोगशालाओं में उपलब्ध संसाधनों और उनकी देखरेख की जानकारी ली। जीव विज्ञान व्याख्याता श्रीमती निहारिका ठाकुर ने प्रयोगशाला संचालन की जानकारी दी। वहीं प्राचार्य ने बताया कि प्रत्येक माह दो प्रायोगिक कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं और अगस्त माह से नियमित प्रायोगिक कक्षाएं शुरू होंगी।

उन्होंने कक्षाओं का भ्रमण कर कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से पढ़ाए गए पाठ्यक्रम, यूनिट तथा विषयों की समझ के संबंध में प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों ने बताया कि उन्हें पढ़ाई अच्छी तरह समझ में आ रही है।

इस अवसर पर रुपेश कुमार मरकाम ने विद्यार्थियों को पीएससी, यूपीएससी, मेडिकल, इंजीनियरिंग, आईआईटी और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बारे में जानकारी देते हुए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि जो विद्यार्थी मेहनत करता है, वही जीवन में आगे बढ़ता है, इसलिए सभी को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने चाहिए।

स्टाफ व्यवस्था की जानकारी देते हुए प्राचार्य श्री दशमत कुमार कश्यप ने बताया कि विद्यालय में दोनों माध्यमों के लिए सभी विषयों के शिक्षक पदस्थ हैं और किसी भी विषय में पद रिक्त नहीं है। इस पर नोडल अधिकारी ने विद्यार्थियों से कहा कि जब विद्यालय में शिक्षकों की कमी नहीं है, तो उन्हें पढ़ाई पर पूरा ध्यान देना चाहिए तथा किसी भी विषय में शंका होने पर शिक्षकों से खुलकर प्रश्न पूछने चाहिए।

निरीक्षण के दौरान उपप्राचार्य श्रीमती कविता साहू सहित विद्यालय का शिक्षकीय स्टाफ भी उपस्थित रहा।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar