दिल्ली में सांसद महेश कश्यप की हेमा मालिनी से भेंट, बस्तर आगमन का दिया औपचारिक निमंत्रण


,,बस्तर की जनजातीय संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य को लेकर हेमा मालिनी ने जताई विशेष रुचि, शीघ्र आगमन की सहमति,,
जगदलपुर। नई दिल्ली में बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप की आज प्रख्यात अभिनेत्री, मथुरा की सांसद एवं संसद में वरिष्ठ सहयोगी श्रीमती हेमा मालिनी से आत्मीय एवं सार्थक भेंट हुई। इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप ने उन्हें बस्तर आगमन का औपचारिक निमंत्रण प्रदान किया, जिसे सांसद हेमा मालिनी ने सहर्ष स्वीकार किया।
भेंट के दौरान सांसद हेमा मालिनी ने बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं, लोककलाओं तथा अद्वितीय प्राकृतिक सौंदर्य के प्रति गहरी रुचि व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बस्तर की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक विविधता और प्राकृतिक परिवेश उन्हें सदैव आकर्षित करता रहा है। उन्होंने निकट भविष्य में बस्तर आगमन की सहमति व्यक्त करते हुए वहां की सांस्कृतिक एवं सामाजिक जीवनशैली को नजदीक से देखने की इच्छा भी प्रकट की।
इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप ने बस्तर की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, पर्यटन की अपार संभावनाओं तथा क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बताया कि बस्तर न केवल सांस्कृतिक रूप से समृद्ध क्षेत्र है, बल्कि पर्यटन और विकास की दृष्टि से भी राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान बना रहा है।
यह भेंट बस्तर की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय पटल पर और अधिक सशक्त रूप से प्रस्तुत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। सांसद हेमा मालिनी के संभावित बस्तर आगमन से क्षेत्र की कला, संस्कृति और पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।




