बस्तर में समस्याओं का अंबार: ट्रेन बंद होने से जनता परेशान

जगदलपुर। बस्तर संभाग इन दिनों कई गंभीर समस्याओं और घटनाओं को लेकर चर्चा में है। एक ओर जहां जगदलपुर-दुर्ग इंटरसिटी एक्सप्रेस की बहाली की मांग तेज हो गई है, वहीं दूसरी तरफ भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। किसानों का धान खुले में खराब हो रहा है, जबकि संदिग्ध मौत और सड़क हादसों जैसी घटनाओं ने इलाके में सनसनी फैला दी है। कई गांवों में ‘हर घर जल’ योजना अधूरी पड़ी है और लोगों को अब भी पीने के पानी के लिए जूझना पड़ रहा है। इधर शिक्षक की संदिग्ध मौत को लेकर हजारों ग्रामीण सड़क पर उतर आए हैं।
इंटरसिटी एक्सप्रेस बंद होने से बढ़ी परेशानी
कोरोना काल में बंद हुई जगदलपुर-दुर्ग इंटरसिटी एक्सप्रेस अब तक दोबारा शुरू नहीं हो सकी है। ट्रेन सेवा बंद होने से यात्रियों को आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की परेशानी झेलनी पड़ रही है। रायपुर और दुर्ग तक सफर के लिए लोगों को अब बसों पर निर्भर रहना पड़ रहा है, जहां किराया 800 से 900 रुपये तक पहुंच चुका है। वरिष्ठ नागरिक, छात्र और दिव्यांग यात्रियों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने सरकार और जनप्रतिनिधियों से जल्द ट्रेन बहाल करने की मांग की है।




