
जगदलपुर, 11 अगस्त 2026
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को जगदलपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के नारों के साथ निकली इस यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, स्कूली विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
तिरंगा यात्रा मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर एसबीआई चौक, चांदनी चौक, हनुमान चौक और संजय मार्केट होते हुए वापस दंतेश्वरी मंदिर के समीप पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा लिए प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ नागरिकों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव के प्रतीक तिरंगे को हर घर में सम्मानपूर्वक फहराने का संदेश दिया।
यात्रा में महापौर संजय पांडेय, नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, बस्तर राज परिवार के सदस्य कमलचन्द्र भंजदेव, एमआईसी सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, सीईओ जिला पंचायत तन्मय खन्ना सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी यात्रा का हिस्सा बने।


तिरंगा यात्रा के दौरान ‘वंदे मातरम’ के जयघोष से पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत रहा। यात्रा के समापन अवसर पर राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान का गायन किया गया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष उत्साह और गरिमा प्रदान की।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया गया।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान आजादी का अमृत महोत्सव के तहत शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य लोगों को तिरंगा घर लाने और भारत की स्वतंत्रता के उपलक्ष्य में इसे फहराने के लिए प्रोत्साहित करना है। अभियान के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के साथ नागरिकों के व्यक्तिगत जुड़ाव को बढ़ाने और देशभक्ति एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को मजबूत करने का प्रयास किया जाता है।
इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने की भावना को समर्पित है। अभियान के जरिए देशभक्ति, तिरंगे पर गर्व और राष्ट्रीय गीत में निहित मातृभूमि के प्रति प्रेम की भावना को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश सरकार की ओर से 7 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत प्रतिदिन अलग-अलग गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।





