छत्तीसगढ़

रायपुर के सभी 70 वार्डों में मिलेगा मुफ्त पौधा, वन मंत्री केदार कश्यप ने ‘नेचर्स एटीएम’ अभियान की शुरुआत की

रायपुर,29 जुलाई 2026

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप की पहल पर रायपुर के सभी 70 वार्डों में ‘नेचर्स एटीएम’ के माध्यम से निःशुल्क पौधा वितरण अभियान शुरू किया गया है। यह पहल मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की ‘हरियर छत्तीसगढ़’ परिकल्पना और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

बुधवार को नया रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास से वन मंत्री केदार कश्यप ने ‘नेचर्स एटीएम’ चलित पौधा वितरण वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रायपुर वनमंडल द्वारा संचालित यह वाहन शहर के सभी 70 वार्डों में पहुंचकर नागरिकों को मुफ्त पौधे उपलब्ध कराएगा। अभियान का संचालन प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण कुमार पांडे के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

‘नेचर्स एटीएम’ के माध्यम से फलदार, छायादार और अधिक ऑक्सीजन देने वाली प्रजातियों के पौधों का वितरण किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में पौधों के संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है।

इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि पेड़-पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर हैं। माँ के सम्मान में लगाया गया एक पौधा मातृसम्मान और प्रकृति संरक्षण दोनों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ‘नेचर्स एटीएम’ जैसी पहल से रायपुर को अधिक हरित, स्वच्छ और स्वस्थ शहर बनाने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में वन विभाग और रायपुर वनमंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे ‘नेचर्स एटीएम’ से निःशुल्क पौधे प्राप्त करें, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़ें और हरियर छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar