छत्तीसगढ़

नवापारा राजिम में बाढ़ का कहर, भगवान कुलेश्वर महादेव मंदिर तक पहुंचा पानी


नवापारा, 30 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ के प्रयागराज कहलाने वाले नवापारा राजिम में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण महानदी, पैरी और सोंढूर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। त्रिवेणी संगम पर जलभराव की स्थिति बन गई है और यहां स्थित भगवान कुलेश्वर महादेव मंदिर तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है।

बाढ़ की आशंका को देखते हुए रायपुर और गरियाबंद जिला प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों के लिए अलर्ट जारी किया है। लोगों से नदी तटों, निचले इलाकों, खेतों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।

गरियाबंद में भी बाढ़ का असर देखने को मिल रहा है। नेशनल हाईवे पर करीब तीन फीट पानी भर जाने से जनजीवन प्रभावित हुआ है और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

सीकासेर बांध से 44,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है और बांध के 21 में से 16 गेट खोल दिए गए हैं, जिससे पैरी नदी उफान पर है। वहीं, धमतरी के गंगरेल (रविशंकर सागर) बांध से पानी छोड़े जाने की संभावना को देखते हुए निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

बाढ़ के चलते पन्टोरा कन्या आश्रम में जलभराव होने से 50 से अधिक बच्चों को सुरक्षित स्थान बारूका में शिफ्ट किया गया है। इसके अलावा शोभा-गरीबा मार्ग पर बना रपटा तेज बहाव में बह गया, जबकि बहाकोच, बाय, मालगांव और कसनाला क्षेत्रों में सड़क पर पानी आने से कई मार्ग बाधित हो गए हैं। गरियाबंद, नगरी और धमतरी के अधिकांश नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar