डॉ. रमन सिंह ने किया साहित्यकार डॉ. शिरोमणि माथुर का सम्मान, ‘अंतरज्योति’ का हुआ विमोचन

रायपुर,6 अगस्त 2026
राजधानी रायपुर में आयोजित एक भव्य सम्मान एवं पुस्तक विमोचन समारोह में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने वरिष्ठ समाजसेविका, राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित साहित्यकार एवं कवियित्री डॉ. शिरोमणि माथुर को सम्मानित किया। इस अवसर पर उनकी नई कृति ‘अंतरज्योति’ का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि डॉ. शिरोमणि माथुर की प्रत्येक रचना में मां की ममता और छत्तीसगढ़ की माटी की महक महसूस होती है। उन्होंने कहा कि उम्र के इस पड़ाव में भी उनकी अविरल साहित्य साधना प्रेरणादायी, स्तुत्य और वंदनीय है। उन्होंने डॉ. माथुर के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना भी की।
डॉ. रमन सिंह ने समारोह में डॉ. शिरोमणि माथुर के सुपुत्र आशुतोष माथुर की भी सराहना करते हुए उनकी मातृभक्ति, समाजसेवा और साहित्यिक गतिविधियों में सक्रिय सहयोग की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने भी डॉ. शिरोमणि माथुर, आशुतोष माथुर तथा पूरे माथुर परिवार के सामाजिक और साहित्यिक योगदान की सराहना की। उन्होंने युवा उद्यमी आशुतोष माथुर द्वारा साहित्यिक एवं सामाजिक संस्थाओं को दिए जा रहे सहयोग की भी प्रशंसा की।
साहित्यिक संस्था अगसदीया परिवार एवं वैभव प्रकाशन के सौजन्य से आयोजित इस समारोह में डॉ. रजनी नेलसन, टीकम सिंह पिपरिया, दिनेश चौहान, कैलाशचंद जैन बरमेचा तथा यमुनोत्री वर्मा को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान डॉ. रजनी नेलसन की कृति ‘सुरंग के सात रंग’ तथा दिनेश चौहान के कथा संग्रह का भी विमोचन किया गया।






