पद से पहले खेती का फर्ज: जनपद सदस्य नमिता नाग गोद में बच्चे को लेकर पहुंचीं खेत, बोलीं— “मिट्टी हमारी मां है”

बकावंड, 04 जुलाई 2026। खेती-किसानी के सीजन की शुरुआत के साथ ही जनप्रतिनिधियों की अलग-अलग तस्वीरें सामने आ रही हैं। बकावंड ब्लॉक की जनपद सदस्य नमिता नाग ने भी खेत में उतरकर खेती के काम में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि “पद आते-जाते रहते हैं, लेकिन मिट्टी हमारी मां है। इसलिए खेत में काम करने में शर्म कैसी?”
नमिता नाग गोद में छोटे बच्चे को लेकर, हाथ में पानी की बोतल और छाता थामे खेत में काम करती नजर आईं। उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधि होने का मतलब केवल कुर्सी पर बैठकर जिम्मेदारी निभाना नहीं, बल्कि गांव और अपनी मिट्टी से जुड़े रहना भी है।
उन्होंने कहा कि खेती गांव की जीवनरेखा है और इससे जुड़ना हर किसान परिवार का दायित्व है। जनप्रतिनिधि होने के बावजूद खेती-किसानी के कार्यों में सक्रिय रहना उनकी प्राथमिकता है।
नमिता नाग ने ग्रामीण महिलाओं से भी खेती को सम्मान की दृष्टि से देखने और आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गांव की सेवा जितनी जरूरी है, उतनी ही जरूरी अपनी माटी और खेती की सेवा करना भी है।
उनकी सादगी, मेहनत और जमीन से जुड़े इस अंदाज की क्षेत्र में सराहना हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे जनप्रतिनिधि समाज के लिए प्रेरणा हैं, जो पद के साथ-साथ अपनी पारंपरिक जिम्मेदारियों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हैं।




