कोंडागांव-माकड़ी के गांवों में CPI की लाल झंडा यात्रा, अधिकारों के लिए संघर्ष का संदेश

कोंडागांव, 18 अप्रैल। संघर्ष के प्रतीक लाल झंडे और “लाल सलाम” के नारों के साथ कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (CPI) जिला परिषद कोंडागांव ने 17 अप्रैल को कोंडागांव और माकड़ी ब्लॉक के विभिन्न गांवों में प्रदर्शन यात्रा निकाली। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष का प्रतीक लाल झंडा थामने की अपील की।
मोटरसाइकिल और चार पहिया वाहनों में सवार CPI कार्यकर्ता चिपावंड, मालगांव, अमरावती, बड़े घोड़सोडा, किरमारी, बिंजोली, नेवरा, छतोड़ी, सोहंगा, बेड़ागांव, हिरलाभाट, आंगाकोना, अनंतपुर, गुमड़ी और एरला सहित कई गांवों में पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि स्थानीय समस्याओं के समाधान और अधिकारों की लड़ाई में पार्टी उनके साथ खड़ी है।
पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि 26 दिसंबर 2025 को CPI के 100वें स्थापना दिवस के बाद से जिलेभर में इस तरह की यात्राएं लगातार निकाली जा रही हैं। इसी क्रम में यह प्रदर्शन यात्रा आयोजित की गई, जिसका समापन ग्राम एरला में हुआ।
इस दौरान राज्य परिषद के निर्देश पर जिला और ब्लॉक स्तर के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने “कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया जिंदाबाद” और “लाल सलाम” के नारों के साथ माहौल को जोशीला बनाए रखा।




