छत्तीसगढ़

साय सरकार के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा दांव: विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर बहस शुरू, 136 मुद्दों पर सरकार को घेरा

रायपुर, 17 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन साय सरकार के खिलाफ कांग्रेस द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हो गई। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सदन में 136 बिंदुओं का आरोप पत्र पेश करते हुए सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए।

चर्चा के दौरान भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि पहली बार ऐसा हो रहा है कि अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत नेता प्रतिपक्ष कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह स्थिति बताती है कि विपक्ष के सदस्यों को ही अपने नेता पर विश्वास नहीं है।

इस टिप्पणी पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विपक्षी विधायकों से हाथ उठाकर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के प्रति अपना समर्थन जताने को कहा। विपक्षी सदस्यों ने हाथ उठाकर उनका समर्थन किया।

इसके बाद अजय चंद्राकर ने फिर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह पूरा घटनाक्रम “कॉमेडी” जैसा है। उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव विपक्ष लेकर आया है, लेकिन विपक्ष के नेता को ही सदन में अपना समर्थन साबित करना पड़ रहा है।

अविश्वास प्रस्ताव पर सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस जारी है। चर्चा के दौरान सरकार की नीतियों, प्रशासनिक फैसलों और विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर दोनों पक्ष अपने-अपने तर्क रख रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar