
रायपुर। 03/05/26 – विष्णुदेव साय के जशपुर जिला प्रवास के दौरान एक बेहद आत्मीय दृश्य देखने को मिला। ग्राम भैंसामुड़ा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला चंदागढ़ में मुख्यमंत्री अचानक पहुंच गए। यहां उन्होंने बच्चों को क्रिकेट खेलते देखा और बिना किसी औपचारिकता के खुद भी मैदान में उतरकर उनके साथ खेलने लगे।
मुख्यमंत्री को अपने बीच खेलता देख बच्चों की खुशी दोगुनी हो गई और पूरा माहौल उत्साह से भर गया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, दिनचर्या और खेलों में रुचि को लेकर बातचीत की। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं की स्थिति की भी जानकारी ली।
मैदान में मौजूद स्थानीय खिलाड़ी प्रकाश ठाकुर से भी मुख्यमंत्री ने चर्चा कर खेल गतिविधियों की जमीनी हकीकत जानी। बच्चों के उत्साह को देखते हुए मुख्यमंत्री साय ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि स्कूल के विद्यार्थियों को क्रिकेट किट और स्पोर्ट्स ड्रेस उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण बच्चों को भी बेहतर खेल सुविधाएं मिलनी चाहिए, ताकि वे अपने कौशल को निखार सकें और आगे बढ़ने के अवसर पा सकें।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत के सरपंच रोशन प्रताप सिंह से भी मुलाकात कर गांव में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली और जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री साय का यह दौरा केवल निरीक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बच्चों के साथ बिताए गए उनके प्रेरणादायक पलों ने ग्रामीणों में उत्साह और विश्वास का माहौल बना दिया।







