छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

बस्तर थाना पुलिस का जागरूकता अभियान जारी, विद्यार्थियों को साइबर अपराध, नशा मुक्ति और यातायात नियमों की दी जानकारी

बस्तर, 20 जुलाई 2026

बस्तर थाना पुलिस द्वारा स्कूली विद्यार्थियों को साइबर अपराध, नशा मुक्ति और यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घाटलोहंगा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता थाना प्रभारी सुरेश कुमार जांगड़े ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को बदलते तकनीकी और सामाजिक परिवेश में सतर्क रहने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

साइबर अपराध पर जानकारी देते हुए थाना प्रभारी ने बताया कि ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, फर्जी कॉल, लॉटरी के नाम पर धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के जरिए होने वाले अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि किसी भी अंजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक कार्ड की जानकारी, आधार नंबर या पासवर्ड साझा न करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

नशा मुक्ति पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि नशा स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक होने के साथ-साथ अपराध की बड़ी वजह भी बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने मित्रों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।

यातायात सुरक्षा पर जानकारी देते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि नाबालिग अवस्था में वाहन चलाना कानूनन अपराध है। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, तेज गति से वाहन न चलाने, तीन सवारी न बैठाने, जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने तथा मोबाइल पर बात करते हुए वाहन न चलाने की सलाह दी।

थाना प्रभारी सुरेश कुमार जांगड़े ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि बच्चों को समय रहते जागरूक कर जिम्मेदार और कानून का पालन करने वाला नागरिक बनाना है। उन्होंने बताया कि बस्तर थाना क्षेत्र के सभी स्कूलों में यह जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य ने बस्तर थाना पुलिस के इस अभियान की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यक्रम में प्राचार्य, शिक्षकगण तथा कक्षा 6वीं से 12वीं तक के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar