छत्तीसगढ़जगदलपुर

बस्तर में भाजयुमो का शक्ति प्रदर्शन: आड़ावाल में 1000 से अधिक युवाओं ने थामी सदस्यता, किरण सिंह देव बोले- युवा बनेंगे विकसित भारत की ताकत

जगदलपुर,27 जुलाई 2026

भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के ज्वाइन भाजयुमो अभियान के तहत रविवार को जगदलपुर के आड़ावाल में आयोजित भव्य कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष अभिलाष यादव के नेतृत्व में बस्तर जिले के 13 मंडलों के 1000 से अधिक युवाओं ने भारतीय जनता युवा मोर्चा की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी ने भाजपा और भाजयुमो के प्रति युवाओं के बढ़ते विश्वास को दर्शाया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी युवाओं को राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम मानती है। उन्होंने कहा कि भाजयुमो के माध्यम से युवाओं को नेतृत्व, सेवा और जनहित के कार्यों से जोड़कर विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा रहा है। उन्होंने नवसदस्यों से संगठन की विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से प्रेरित होकर बड़ी संख्या में युवा पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ देशविरोधी तत्व आंदोलनों के माध्यम से युवाओं को भ्रमित करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को शहीद गेंद सिंह, वीर गुंडाधुर, शहीद डेबरीधुर, चंद्रशेखर आजाद, स्वामी विवेकानंद और शहीद भगत सिंह जैसे राष्ट्रभक्त महापुरुषों के आदर्शों पर चलकर राष्ट्र सेवा में योगदान देना चाहिए।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया ने कहा कि युवा शक्ति देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा युवाओं को नेतृत्व के अवसर प्रदान कर उन्हें समाज और राष्ट्र सेवा के लिए तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर में हजारों युवाओं का भाजयुमो से जुड़ना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा के प्रति युवाओं के विश्वास का प्रमाण है।

कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो जिला महामंत्री राम प्रसाद मौर्य ने किया, जबकि अंत में जिला उपाध्यक्ष आनंद झा ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा एवं भाजयुमो के अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar