छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

Bastar news update:बस्तर में कहीं दो महीने से प्यासे ग्रामीण तो कहीं जंगल में लाखों का जुआ, 156 गिरफ्तार; अबूझमाड़ के युवा खाकी की तैयारी में जुटे, 5500 को रोजगार की उम्मीद, दीपावली पर रेलवे अलर्ट और कोंडागांव में लोकतंत्र पर मंथन

बस्तर,6 नवम्बर 2026

1. कस्तुरमेटा में दो महीने से पेयजल संकट, 30 लाख रुपये पंचायत खाते में फिर भी झरिया का पानी पीने मजबूर ग्रामीण

अबूझमाड़ के जनपद पंचायत ओरछा अंतर्गत ग्राम पंचायत पदमकोट के आश्रित ग्राम कस्तुरमेटा में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। गांव में सरकारी नल और सोलर पंप लगाए जाने के बावजूद पिछले दो से तीन महीनों से ग्रामीणों को साफ पानी नहीं मिल रहा है। सोलर पंप खराब होने के कारण ग्रामीण प्राकृतिक जलस्रोत यानी झरिया का पानी पीने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत के खाते में 30 लाख रुपये से अधिक की राशि होने के बावजूद पेयजल समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों ने सोलर पंप निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पंप के बेस की फ्लोरिंग में लोहे की छड़ की जगह बांस का इस्तेमाल किया गया है।

वहीं क्रेडा विभाग के एई विजय ध्रुव ने बताया कि बेस में छड़ लगाने का बजट नहीं था। उन्होंने बांस के इस्तेमाल की जानकारी से इनकार करते हुए फ्लोरिंग दोबारा बनवाने और एक-दो दिनों में पंप चालू कराने का आश्वासन दिया है।

2. कभी नक्सलियों के डर से छूटी पढ़ाई, अब पुलिस भर्ती की तैयारी में जुटे अबूझमाड़ के युवा, 5500 युवाओं को मिलेगा रोजगार

नारायणपुर। कभी नक्सलियों के फरमान के कारण पढ़ाई और नौकरी से दूर रहने को मजबूर रहे अबूझमाड़ के युवाओं की तस्वीर अब बदल रही है। क्षेत्र के युवा अब पुलिस की वर्दी पहनकर अपने इलाके की सेवा करने का सपना देख रहे हैं।

बस्तर फाइटर भर्ती के तहत नारायणपुर जिले में 383 पदों पर भर्ती होनी है। इसके लिए पुलिस ने पांच निःशुल्क प्रशिक्षण केंद्र शुरू किए हैं। माड़ परियोर अभियान के तहत पुलिस और बीएसएफ के जवान युवाओं को दौड़, पीटी, लंबी कूद और ऊंची कूद का प्रशिक्षण दे रहे हैं।

इरकभट्टी में 100 से अधिक, जबकि छोटेडोंगर और नारायणपुर के प्रशिक्षण केंद्रों में 150-150 से अधिक अभ्यर्थी तैयारी कर रहे हैं। कोहकामेटा की ऋतु कवाची सुबह तीन बजे उठकर प्रशिक्षण के लिए पहुंचती हैं। वहीं कमलेश कुमार नाग बताते हैं कि नक्सलियों के दबाव में उन्हें दसवीं की परीक्षा बीच में ही छोड़नी पड़ी थी।

एसपी संदीप पटेल के अनुसार, भर्ती के लिए 2 नवंबर से 12 दिसंबर तक आवेदन लिए जा रहे हैं। वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर के 5500 से अधिक युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा।

3. मुर्गा लड़ाई की आड़ में जंगल में चल रहा था लाखों का जुआ, पुलिस ने 156 लोगों को पकड़ा, 20 लाख रुपये नकद जब्त

बीजापुर। जिले के भद्राकाली थाना क्षेत्र के ग्राम रैगुड़ा के जंगल में मुर्गा लड़ाई के नाम पर बड़े पैमाने पर जुआ संचालित होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से 156 लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को जंगल में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से निगरानी कर घेराबंदी की और मौके पर दबिश दी। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मुर्गा लड़ाई की आड़ में रुपये-पैसों का दांव लगाते मिले।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 20 लाख 1 हजार 200 रुपये नकद, 47 चारपहिया वाहन और 12 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) और सार्वजनिक द्यूत अधिनियम की धारा 4 व 13 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

4. दीपावली पर ट्रेनों में आगजनी का खतरा रोकने रेलवे अलर्ट, डॉग स्क्वॉड के साथ जगदलपुर स्टेशन पर चला जांच अभियान

जगदलपुर। दीपावली के त्योहार को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए जगदलपुर रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान आरपीएफ की टीम ने डॉग स्क्वॉड के साथ स्टेशन परिसर की तलाशी ली।

अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म, पार्सल कार्यालय, प्रतीक्षालय और अन्य संवेदनशील स्थानों की जांच की गई। यात्रियों के सामान की भी बारीकी से पड़ताल की गई। खास तौर पर पटाखों, ज्वलनशील पदार्थों और विस्फोटक सामग्री के परिवहन पर नजर रखी गई।

आरपीएफ निरीक्षक परवीन कुमार ने बताया कि त्योहारों में यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। यात्रियों को ट्रेन में पटाखे और खतरनाक सामग्री लेकर सफर नहीं करने की समझाइश दी गई। जांच के दौरान कोई संदिग्ध ज्वलनशील या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई।

5. वोट चोरी के आरोपों पर राष्ट्र चेतना संवाद में तीखी चर्चा, भाजपा विधायक नीलकंठ टेकाम ने लोकतांत्रिक जागरूकता पर दिया जोर

कोंडागांव। जिले में आयोजित राष्ट्र चेतना संवाद कार्यक्रम में वोट चोरी के आरोपों, लोकतंत्र की मजबूती और सामाजिक एकता जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। ऑक्शन हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रबुद्ध नागरिकों और बुद्धिजीवियों ने वक्ताओं से विभिन्न सवाल किए।

कार्यक्रम में विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों पर भी सवाल-जवाब हुए। मुख्य वक्ताओं ने इन आरोपों को चुनावी हार की हताशा से प्रेरित बताया।

भाजपा विधायक नीलकंठ टेकाम ने समाज में सकारात्मक चेतना विकसित करने और राष्ट्रहित के मुद्दों पर जागरूक रहने की बात कही। वहीं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं अधिवक्ता शिवनारायण पांडे ने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र में अराजकता के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। उन्होंने वैचारिक मतभेदों को संवाद के माध्यम से दूर करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत जिला भाजपा अध्यक्ष सेवकराम नेताम ने की। इस दौरान मनोज जैन, दीपेश अरोरा, नरपति पटेल, जितेंद्र सुराना, अनिल अग्रवाल, गोपाल दीक्षित और दया राम पटेल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar