Bastar news update:बस्तर में पांच बड़ी घटनाओं से मचा हड़कंप, हॉट मेटल हादसे में श्रमिक की मौत, हत्या और सड़क दुर्घटना में गई जान

जगदलपुर,11 नवम्बर 2026
बस्तर संभाग में अलग-अलग घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जगदलपुर में कबाड़ दुकान में भीषण आग लगने से आसपास के रिहायशी इलाके पर खतरा मंडराने लगा, वहीं नगरनार स्थित एनएमडीसी स्टील प्लांट में हॉट मेटल की चपेट में आने से एक श्रमिक की मौत हो गई। इसके अलावा कोंडागांव में टुल्लू पंप चोरी की पुरानी रंजिश में बुजुर्ग की हत्या, नारायणपुर में जुए के छह ठिकानों पर पुलिस की कार्रवाई और दरभा क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई।
कबाड़ दुकान में लगी भीषण आग, तीन दमकल वाहनों ने पाया काबू
जगदलपुर के गीदम रोड पर रविवार रात करीब 10:30 बजे सूर्या कॉलेज के पास स्थित भुवन कबाड़ी की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। दुकान में रखे प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैलने लगी। कुछ ही देर में ऊंची लपटें उठने लगीं और आसपास के मकानों व दुकानों पर खतरा मंडराने लगा।
सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम और अग्निशमन विभाग सक्रिय हुआ। आग की गंभीरता को देखते हुए तीन दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास की दुकानों व मकानों तक फैलने से रोक लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, इस घटना ने कबाड़ दुकानों में ज्वलनशील सामग्री के भंडारण और अग्नि सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एनएमडीसी स्टील प्लांट में हॉट मेटल की चपेट में आने से श्रमिक की मौत
जगदलपुर के नगरनार स्थित एनएमडीसी स्टील प्लांट में काम के दौरान भीषण हादसा हो गया। यहां गर्म धातु यानी हॉट मेटल की चपेट में आने से श्रमिक मंगलसाय नेताम की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक बस्तर जिले के छोटे देवड़ा गांव का निवासी बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, काम के दौरान श्रमिक गर्म धातु की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस हादसे ने एक बार फिर भारी उद्योगों में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे के वास्तविक कारणों और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर निष्पक्ष जांच की आवश्यकता है।
टुल्लू पंप चोरी की पुरानी रंजिश में बुजुर्ग की हत्या, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
कोंडागांव जिले के ग्राम चिचाड़ी में पुरानी रंजिश के चलते मंगौ वट्टी नामक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। 9 नवंबर की सुबह करीब 5 बजे उनके बेटे रंजीत वट्टी खेत जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान शीतला मंदिर के पास सड़क किनारे उन्हें अपने पिता का खून से लथपथ शव दिखाई दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। चिकित्सकीय परीक्षण में सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए।
जांच के दौरान पुलिस ने विकास मरकाम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की मृतक से टुल्लू पंप चोरी के पुराने मामले को लेकर रंजिश थी। गांव की बैठकों में मृतक द्वारा चोरी के मामले में उसका नाम लिए जाने से वह नाराज था। आरोप है कि 8 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे शीतला मंदिर के पास उसने बुजुर्ग के साथ मारपीट की और पत्थर से सिर पर तीन-चार वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने 10 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया है।
दीपावली पर जुए के छह ठिकानों पर पुलिस की दबिश, 29 गिरफ्तार
नारायणपुर में दीपावली के दौरान जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की। सिटी कोतवाली पुलिस ने शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर छह अलग-अलग मामले दर्ज किए और 29 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 50 हजार 720 रुपये नकद जब्त किए गए।
सबसे बड़ी कार्रवाई पातुरबेड़ा के जंगल के पीछे खुले मैदान में हुई, जहां सात आरोपी पकड़े गए और 28 हजार रुपये बरामद हुए। बागडोंगरी जंगल के नीचे से तीन आरोपियों के पास से 1,330 रुपये, बांस शिल्प परिसर से सात आरोपियों के पास से 2,070 रुपये और मानसरोवर के पीछे बखरूपारा से पांच आरोपियों के पास से 10,700 रुपये जब्त किए गए।
इसी तरह ग्राम महका में स्टेडियम के सामने पांच आरोपियों से सात हजार रुपये और खेतलाई के पास दो अन्य आरोपियों से 1,620 रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने सभी छह मामलों में कार्रवाई की है।
दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, एक युवक की मौत और दो गंभीर घायल
जगदलपुर के दरभा क्षेत्र स्थित कमानार-चितापुर घाटी में मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कमानार निवासी 30 वर्षीय दीपक नाग की मौके पर ही मौत हो गई।
दीपक नाग पिता सोमरू नाग बाइक क्रमांक CG 17 KT 5258 से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक क्रमांक CG 26 E 5442 से उनकी भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार कनापारा निवासी गौरव नाग और किरण नाग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर दरभा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों घायलों को डिमरापाल स्थित मेकाज रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद कमानार क्षेत्र में शोक का माहौल है।
भाई दूज पर बहनों के घर पहुंचेंगे भाई, तिलक का शुभ मुहूर्त दोपहर 1:11 से 3:08 बजे तक
दीपावली के बाद बस्तर में भाई-बहन के स्नेह का पर्व भाई दूज मनाने की तैयारियां पूरी हो गई हैं। बुधवार को बहनें अपने भाइयों के माथे पर मंगल तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करेंगी। आरती और पारंपरिक पकवानों के साथ पर्व मनाया जाएगा। वहीं भाई भी बहनों को उपहार देकर अपना स्नेह जताएंगे।
पंडित अरकीत दास के अनुसार, कार्तिक शुक्ल द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे शुरू होकर 11 नवंबर को दोपहर 3:53 बजे तक रहेगी। इस बार अनुराधा और ज्येष्ठा नक्षत्र का संयोग पर्व की शुभता को विशेष बना रहा है।
पौराणिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन मृत्यु के देवता यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे थे। यमुना ने उनका स्वागत कर भोजन कराया था। प्रसन्न होकर यमराज ने वरदान दिया कि इस दिन बहन के घर भोजन करने वाले भाई को अकाल मृत्यु का भय नहीं रहेगा। इसी कारण भाई दूज को यम द्वितीया भी कहा जाता है।
पंडित दास के मुताबिक, भाई दूज पर तिलक लगाने का शुभ समय दोपहर 1:11 बजे से 3:08 बजे तक रहेगा। वहीं राहुकाल सुबह 11:45 बजे से दोपहर 1:11 बजे तक रहेगा।




