छत्तीसगढ़जगदलपुर

बस्तर को मिली NIA स्पेशल कोर्ट की सौगात, झीरम और भीमा मंडावी केसों की सुनवाई होगी तेज

जगदलपुर , 3 जून 2026

बस्तर संभाग में न्यायिक प्रक्रिया को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए केंद्र सरकार ने जगदलपुर में NIA स्पेशल कोर्ट शुरू करने की अधिसूचना जारी कर दी है। इस विशेष अदालत में बस्तर, दंतेवाड़ा, कांकेर और कोंडागांव जिलों से जुड़े राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के मामलों की सुनवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार स्पेशल कोर्ट की जिम्मेदारी जिला एवं सत्र न्यायाधीश संगीता नवीन तिवारी को सौंपी गई है। वर्तमान में क्षेत्र के 21 मामले विचाराधीन हैं, जबकि 100 से अधिक मामले रिमांड स्तर पर लंबित बताए जा रहे हैं।

स्थानीय स्तर पर कोर्ट शुरू होने से अब मामलों की नियमित और त्वरित सुनवाई संभव हो सकेगी। इससे झीरम घाटी हमला और भीमा मंडावी हत्याकांड जैसे चर्चित मामलों की कानूनी प्रक्रिया में भी तेजी आने की संभावना है।

अब तक इन मामलों की सुनवाई के लिए रायपुर और अन्य न्यायालयों पर निर्भर रहना पड़ता था। नई अदालत शुरू होने से न केवल सुनवाई प्रक्रिया आसान होगी, बल्कि अभियोजन और बचाव पक्ष को भी सुविधा मिलेगी। दोनों पक्षों के लिए अलग-अलग अधिवक्ताओं की नियुक्ति भी कर दी गई है।

सूत्रों के मुताबिक जून और जुलाई महीने में कई महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई प्रस्तावित है। न्यायिक विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से बस्तर में लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे और न्यायिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar