केरल के बाद बस्तर की बारी, सामान्य तिथि से पहले आ सकता है मानसून

जगदलपुर, 1 जून 2026
भीषण गर्मी से जूझ रहे बस्तरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि इस वर्ष मानसून सामान्य तिथि से पहले बस्तर में दस्तक दे सकता है। हालांकि इसकी वास्तविक स्थिति मानसूनी हवाओं की गति और मजबूती पर निर्भर करेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, बस्तर में मानसून पहुंचने की सामान्य तिथि 13 जून मानी जाती है। पिछले 15 से 20 वर्षों के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो मानसून अधिकांश वर्षों में इसी अवधि के आसपास पहुंचा है। हालांकि, 2 से 4 दिनों का अंतर सामान्य माना जाता है।
इस वर्ष केरल में मानसून की समय से पहले एंट्री होने के कारण अनुमान लगाया जा रहा है कि बस्तर में भी मानसून तय समय से कुछ दिन पहले पहुंच सकता है। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून के आगे बढ़ने की गति पूरी तरह मानसूनी हवाओं की ताकत पर निर्भर करती है।
उन्होंने कहा कि यदि हवाएं मजबूत रहीं तो मानसून तेजी से आगे बढ़ेगा और बस्तर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में जल्द पहुंच सकता है। वहीं, हवाओं के कमजोर पड़ने पर मानसून की रफ्तार धीमी हो सकती है।
फिलहाल मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून सामान्य तिथि के आसपास ही बस्तर पहुंचेगा, लेकिन परिस्थितियां अनुकूल रहने पर लोगों को बारिश का इंतजार जल्द खत्म होने की उम्मीद है। ऐसे में किसानों और आम नागरिकों की नजरें अब मानसून की अगली गतिविधियों पर टिकी हुई हैं।




