छत्तीसगढ़जगदलपुर

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा के लिए जगदलपुर से रवाना हुआ 22 श्रद्धालुओं का दल, महापौर संजय पांडे ने दी शुभकामनाएं

जगदलपुर, 22 जून 2026

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस धार्मिक एवं ऐतिहासिक यात्रा में शामिल होने के लिए जगदलपुर जिले से 22 श्रद्धालुओं का दल रविवार शाम रवाना हुआ। यात्रियों के विदाई कार्यक्रम में महापौर संजय पांडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं का कुशलक्षेम जानकर उनकी सफल, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की।

प्रदेशभर से कुल 1007 श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल हो रहे हैं। यात्रियों के लिए विशेष ट्रेन की व्यवस्था की गई है, जो 22 जून 2026 को रायपुर रेलवे स्टेशन से गुजरात स्थित सोमनाथ धाम के लिए रवाना होगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु सोमनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करने के साथ ही स्वाभिमान पर्व के विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

यात्रा के समापन के बाद सभी तीर्थयात्री 26 जून 2026 को वापस रायपुर लौटेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भोजन, आवास और सुरक्षा की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि यात्रा सुगम और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

इस अवसर पर महापौर संजय पांडे ने कहा कि “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा हमारे सांस्कृतिक गौरव और आध्यात्मिक आस्था का प्रतीक है। छत्तीसगढ़ से जा रहे श्रद्धालु बाबा सोमनाथ के दरबार में प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे। सभी यात्रियों की यात्रा सुरक्षित और सफल हो, यही बाबा भोलेनाथ से प्रार्थना है।”

विदाई कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, यात्रियों के परिजन और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं को फूल-मालाओं, जयकारों और शुभकामनाओं के साथ जिला पंचायत परिसर से रवाना किया गया।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar