बोदरा में मत्स्य पालन और उन्नत रबी खेती को बढ़ावा देने किसानों की PG बैठक संपन्न, KCC और गुणवत्तापूर्ण मछली बीज की उठी मांग

बोदरा (बस्तर),28 नवम्बर 2026
ग्राम पंचायत बोदरा में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और आगामी रबी सीजन की खेती की कार्ययोजना तैयार करने के उद्देश्य से किसानों की महत्वपूर्ण पीजी (PG) बैठक आयोजित की गई। बैठक में BSM के आजीविका प्रशिक्षक सुनील ठाकुर एवं प्रेमसागर ने किसानों और मत्स्य पालकों को उन्नत कृषि तकनीकों तथा मत्स्य पालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
बैठक में मत्स्य पालन को अधिक लाभकारी बनाने के लिए मत्स्य पालकों को समय पर उच्च गुणवत्ता वाले मछली बीज और दाना उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। साथ ही गांव में ही मछली बीज उत्पादन शुरू करने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस दौरान किसानों और मत्स्य पालकों ने मनरेगा के तहत नई डबरी निर्माण, डबरी के पानी की पीएच (pH) जांच, नियमित रखरखाव, मत्स्य पालन में होने वाले नुकसान का मुआवजा और मछली पालन के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) उपलब्ध कराने की मांग रखी।
रबी सीजन में मिश्रित खेती को बढ़ावा देने पर जोर
आगामी रबी सीजन को लेकर किसानों ने मक्का, रागी, तिल, सूरजमुखी, सरसों, उड़द और चना जैसी फसलों की खेती करने की योजना बनाई। बैठक में मिश्रित खेती को किसानों की आय बढ़ाने का बेहतर माध्यम बनाने पर भी जोर दिया गया।
बताया गया कि बोदरा के किसानों ने मिश्रित फसल उत्पादन की दिशा में पहल शुरू कर दी है। गांव के किसान मनीराम और हरेंद्र अपने खेतों में मटर, बैंगन, गोभी, मिर्च, मूली, धनिया, लाल भाजी और टमाटर सहित विभिन्न प्रकार की सब्जियों की खेती कर रहे हैं। उनकी यह पहल गांव के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणादायक बन रही है।
बैठक में ग्राम पंचायत बोदरा के बड़ी संख्या में स्थानीय किसान और मत्स्य पालक उपस्थित रहे।




