छत्तीसगढ़

शराब घोटाले का आरोपी UAE से भारत लाया गया: विकास अग्रवाल को अब रायपुर लाने की तैयारी, 1280 करोड़ की गड़बड़ी में था फरार

रायपुर, 28 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे आरोपी विकास अग्रवाल को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत वापस लाया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ पुलिस के समन्वय से आरोपी की वापसी की कार्रवाई पूरी की है। अब छत्तीसगढ़ पुलिस उसे रायपुर लाने की तैयारी कर रही है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, विकास अग्रवाल को शराब सिंडिकेट का मनीमैन बताया गया है। उस पर डिस्टिलरी संचालकों से कमीशन की रकम वसूलने और उसे सिंडिकेट के अन्य सदस्यों तक पहुंचाने का आरोप है। जांच में यह भी सामने आया है कि अधिकारियों और अन्य लाभार्थियों तक कथित कमीशन की रकम पहुंचाने की जिम्मेदारी भी उसी के पास थी।

2019 से 2022 के बीच हुआ था कथित घोटाला

छत्तीसगढ़ में वर्ष 2019 से 2022 के बीच शराब वितरण व्यवस्था में कथित अनियमितताओं और अवैध कमीशन वसूली का मामला सामने आया था। जांच एजेंसियों का आरोप है कि इस नेटवर्क के कारण सरकारी खजाने को 1,280 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ।

आरोप है कि विकास अग्रवाल डिस्टिलरी संचालकों से कमीशन इकट्ठा कर उसे सरकारी अधिकारियों और अन्य लाभार्थियों तक पहुंचाता था। इसके अलावा, अपराध से अर्जित रकम को अलग-अलग कंपनियों और वित्तीय माध्यमों से इधर-उधर करने का भी आरोप है, ताकि रकम के वास्तविक स्रोत और मालिक की पहचान छिपाई जा सके।

नवंबर 2024 में दाखिल हुई थी चार्जशीट

इस मामले की जांच के दौरान कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। जांच एजेंसियों ने नवंबर 2024 में अदालत में चार्जशीट दाखिल की थी। विकास अग्रवाल इसके बाद से फरार चल रहा था। अब उसके भारत पहुंचने के बाद पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की टीम उसे रायपुर लाने की तैयारी में जुटी है।

रेड नोटिस के जरिए UAE में पकड़ा गया आरोपी

छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुरोध पर NCB नई दिल्ली ने इंटरपोल के माध्यम से विकास अग्रवाल के खिलाफ रेड नोटिस जारी करवाया था। इसके बाद UAE के अधिकारियों ने उसकी लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद UAE अधिकारियों ने उसे भारत को सौंप दिया।

छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम UAE पहुंची थी। दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आरोपी को भारतीय टीम के सुपुर्द किया गया। इसके बाद 27 नवंबर को टीम उसे लेकर मुंबई हवाई अड्डे पहुंची।

2026 में अब तक 78 भगोड़ों की भारत वापसी

CBI भारत में इंटरपोल के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो के रूप में काम करती है। भारतपोल (BHARATPOL) के माध्यम से देश की विभिन्न कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय कर अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग को मजबूत किया जाता है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वर्ष 2019 से अब तक इंटरपोल के माध्यम से 300 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया जा चुका है। इनमें वर्ष 2026 में वापस लाए गए 78 भगोड़े भी शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar