छत्तीसगढ़जगदलपुर

छत्तीसगढ़ में फिर चर्चा में बैगपाइपर व्हिस्की, प्रिंटेड कीमत गायब होने से सरकारी शराब दुकानों में मनमानी वसूली के आरोप

जगदलपुर,27 नवम्बर 2026

छत्तीसगढ़ में कभी ‘हम तुम और बैगपाइपर’ के विज्ञापन के जरिए मदिराप्रेमियों के बीच लोकप्रिय हुई बैगपाइपर व्हिस्की एक बार फिर चर्चा में है। लंबे समय तक प्रदेश में उपलब्ध नहीं रहने के बाद अब यह ब्रांड दोबारा सरकारी शराब दुकानों में दिखाई देने लगी है। लेकिन इसकी उपलब्धता के साथ ही अब इसकी कीमत को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

आरोप है कि सरकारी शराब दुकानों में बेची जा रही इस व्हिस्की की बोतलों पर प्रिंटेड मूल्य (MRP) अंकित नहीं है, जिसके कारण ग्राहकों से मनमानी कीमत वसूली जा रही है। मदिराप्रेमियों का कहना है कि ब्रांड की लोकप्रियता बढ़ने के बावजूद निर्धारित मूल्य की स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से उन्हें परेशानी हो रही है। स्थिति ऐसी है कि कई ग्राहक चाहकर भी इस ब्रांड को खरीदने से बच रहे हैं।

वहीं, आबकारी विभाग से जुड़े कुछ लोगों ने शराब माफिया के कथित प्रभाव को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि कुछ प्रभावशाली लोग अपने इशारे पर जिला आबकारी अधिकारियों से काम करा रहे हैं और कोचियों के माध्यम से शराब को मनमानी कीमत पर ग्राहकों तक पहुंचाने का खेल चल रहा है।

हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में सवाल उठता है कि सरकारी शराब दुकानों में निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की शिकायतों पर आबकारी विभाग कब संज्ञान लेगा? क्या बोतलों पर स्पष्ट MRP अंकित कर बिक्री सुनिश्चित की जाएगी और कथित अवैध वसूली पर कार्रवाई होगी? फिलहाल बैगपाइपर व्हिस्की की कीमत और बिक्री व्यवस्था को लेकर पारदर्शिता की मांग उठ रही है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar