छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

किसानों को टोकन नहीं, सरकार के विज्ञापन बड़े: चंदन कश्यप बोले- रोज 200 क्विंटल खरीदी से कैसे बिकेगा किसानों का पूरा धान?

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था को लेकर सियासत तेज हो गई है। पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने भाजपा सरकार पर किसानों को परेशान करने और धान खरीदी में जानबूझकर अव्यवस्था पैदा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार की धान खरीदने की मंशा ही नहीं है। खरीदी के लिए महज 45 दिन का समय निर्धारित किया गया है, जबकि ऑनलाइन पोर्टल पर 15 जनवरी तक के टोकन अभी से फुल दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए आखिर कब मौका मिलेगा?

चंदन कश्यप ने ऑनलाइन टोकन व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब खरीदी की समय-सीमा पहले से ही सीमित है और किसानों को टोकन नहीं मिल रहे हैं, तो क्या किसान धान खरीदी बंद होने के बाद अपनी फसल बेचेंगे? सरकार की व्यवस्था के कारण किसान समितियों और चॉइस सेंटरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।

प्रतिदिन 200-300 क्विंटल का टोकन, किसानों की बढ़ी परेशानी

पूर्व विधायक ने कहा कि खरीदी केंद्रों में प्रतिदिन महज 200 से 300 क्विंटल धान का ही टोकन काटा जा रहा है, जबकि किसानों की संख्या और उनकी उपज को देखते हुए यह सीमा कम से कम 2000 क्विंटल होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि 200 से 300 क्विंटल धान तो एक बड़े किसान की उपज हो सकती है। ऐसे में छोटे और मध्यम किसानों को अपनी बारी आने का इंतजार कब तक करना पड़ेगा?

विज्ञापनों में किसान हितैषी, जमीन पर परेशान हो रहे अन्नदाता

कश्यप ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बड़े-बड़े विज्ञापनों के जरिए खुद को किसान हितैषी बता रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर किसान टोकन के लिए परेशान हो रहे हैं। सरकार की कथित अव्यवस्था के चलते किसानों को बिचौलियों और कोचियों के हाथों कम कीमत पर धान बेचने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।

चंदन कश्यप ने सरकार के सामने रखीं तीन मांगें

पूर्व विधायक ने धान खरीदी व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग करते हुए कहा कि प्रतिदिन की टोकन सीमा बढ़ाकर 2000 क्विंटल की जाए। ऑनलाइन पोर्टल में आ रही तकनीकी और टोकन संबंधी समस्याओं को तत्काल दूर कर सभी किसानों को समय पर टोकन उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही धान खरीदी की 45 दिनों की बाध्यता समाप्त कर खरीदी की समय-सीमा बढ़ाई जाए, ताकि प्रत्येक किसान की पूरी उपज खरीदी जा सके।

आंदोलन की चेतावनी

चंदन कश्यप ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा सरकार ने किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया और धान खरीदी व्यवस्था में तत्काल सुधार नहीं किया, तो किसानों के साथ सड़क से लेकर प्रशासनिक कार्यालयों तक उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar