खेलजगदलपुरबस्तर संभाग

बस्तर की 35 बेटियों को मिला बड़ा मौका, बेंगलुरु में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के प्लांट में बनाएंगी आईफोन

जगदलपुर,26 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ के बस्तर की बेटियां अब देश के बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों में अपनी पहचान बनाने जा रही हैं। जिले की 35 युवतियों का चयन बेंगलुरु स्थित टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के आईफोन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में असेंबली ऑपरेटर के पद पर किया गया है। जगदलपुर के कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित प्लेसमेंट कैंप में जिले के सातों विकासखंडों की युवतियों ने हिस्सा लिया। भर्ती प्रक्रिया में कुल 55 युवतियां शामिल हुईं, जिनमें से 35 का चयन हुआ। इस नौकरी के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास निर्धारित की गई थी।

कौशल विकास केंद्र की प्रभारी प्रिया मरकाम ने बताया कि बेंगलुरु स्थित आईफोन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में भर्ती के लिए डेको कंपनी से संपर्क किया गया था। इसके बाद बस्तर की युवतियों को रोजगार का अवसर देने के लिए प्लेसमेंट कैंप आयोजित किया गया। कुल 100 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है, जिसमें फिलहाल बस्तर जिले की 35 युवतियों का चयन हुआ है।

जगदलपुर की आंचल बनेके के लिए यह पहला मौका है, जब वह छत्तीसगढ़ से बाहर जाकर नौकरी करेंगी। उन्होंने कहा कि बस्तर जैसे छोटे शहर की बेटी का बेंगलुरु जैसे बड़े शहर में आईफोन बनाने वाली कंपनी में काम करना गर्व की बात है। कंपनी की ओर से हॉस्टल, तीनों समय का भोजन, सुरक्षित परिवहन और पीएफ जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई है।

वहीं दरभा क्षेत्र की मंगो फड़ियाम इस अवसर को नई चीजें सीखने और अपना भविष्य बेहतर बनाने का मौका मानती हैं। टांडपाल की तनु कश्यप भी नौकरी को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि आठ घंटे की शिफ्ट, रहने-खाने की व्यवस्था और भविष्य में प्रमोशन की संभावना उनके लिए इस अवसर को खास बनाती है।

बस्तर की इन युवतियों के लिए यह उपलब्धि केवल नौकरी तक सीमित नहीं है, बल्कि आर्थिक आत्मनिर्भरता और तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने की नई शुरुआत है। अब ये बेटियां बेंगलुरु जाकर आईफोन निर्माण की प्रक्रिया से जुड़ेंगी और अपने परिवार के साथ-साथ पूरे बस्तर का नाम रोशन करने की तैयारी में हैं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar