छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ क्रिएटर अवॉर्ड्स में पक्षपात के आरोप, उपनेता प्रतिपक्ष लखेश्वर बघेल ने निष्पक्ष जांच और पारदर्शिता की उठाई मांग

रायपुर,26 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 को लेकर प्रदेशभर के कंटेंट क्रिएटर्स में असंतोष और नाराजगी सामने आ रही है। इस मामले में छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपनेता प्रतिपक्ष एवं बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल ने भाजपा सरकार और संबंधित विभाग से वोटिंग एवं चयन प्रक्रिया का पूरा विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है।

लखेश्वर बघेल ने कहा कि प्रदेश के मेहनती और प्रतिभाशाली कंटेंट क्रिएटर्स के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

वोटिंग के आंकड़े सार्वजनिक नहीं करने पर उठे सवाल

क्रिएटर्स का आरोप है कि अवॉर्ड्स के लिए प्रदेशभर में ऑनलाइन वोटिंग कराई गई थी। लोगों ने अपने पसंदीदा क्रिएटर्स के समर्थन में दिन-रात मेहनत की, लेकिन परिणाम घोषित होने के बाद वोटिंग के वास्तविक आंकड़े सार्वजनिक नहीं किए गए। कुछ प्रतिभागियों ने पुरस्कार वितरण में पक्षपात और अपने चहेते लोगों को प्राथमिकता देने के आरोप भी लगाए हैं।

इस पर विधायक लखेश्वर बघेल ने कहा कि यदि जनता से वोटिंग कराई गई थी, तो पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि श्रेणीवार वोटिंग के आंकड़े, जूरी का मूल्यांकन और विजेताओं के चयन का आधार सार्वजनिक किया जाए, ताकि किसी भी क्रिएटर के मन में भेदभाव या अन्याय की भावना न रहे।

क्रिएटर्स की मेहनत और प्रतिभा का हो सम्मान

बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के कंटेंट क्रिएटर्स अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर प्रदेश की कला, संस्कृति, पर्यटन और स्थानीय पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचा रहे हैं। ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं का मनोबल बढ़ाना सरकार की जिम्मेदारी है।

उन्होंने भाजपा सरकार और संबंधित विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, शिकायतों का निराकरण करने और वोटिंग एवं चयन प्रक्रिया का पूरा विवरण सार्वजनिक करने की मांग की।

बघेल ने कहा कि सम्मान का वास्तविक अर्थ तभी है, जब प्रत्येक प्रतिभागी को निष्पक्ष अवसर मिले और उसकी मेहनत को उचित सम्मान दिया जाए।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar