छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

गांव में ही खुला धान खरीदी केंद्र, किसानों की राह हुई आसान, काकरवाड़ा में नई सुविधा से समय और परिवहन खर्च की बचत

जगदलपुर,26 नवंबर 2026

बस्तर जिले के जगदलपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम काकरवाड़ा में नवीन धान उपार्जन केंद्र शुरू होने से क्षेत्र के किसानों में उत्साह है। अब किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर के खरीदी केंद्रों तक नहीं जाना पड़ रहा है। गांव के समीप ही धान खरीदी की सुविधा मिलने से किसानों का समय और श्रम बच रहा है। साथ ही परिवहन की परेशानी भी कम हुई है। इस केंद्र से टोंडापाल, काकरवाड़ा और बिरनपाल ग्राम पंचायतों के किसान लाभान्वित हो रहे हैं।

289 किसानों ने कराया पंजीयन, अब तक 724 क्विंटल धान की खरीदी

काकरवाड़ा धान उपार्जन केंद्र में कुल 289 किसानों ने पंजीयन कराया है। यहां अब तक 10 किसानों से 724 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है।

नवीन केंद्र से मिली सुविधा को लेकर काकरवाड़ा निवासी किसान धनसिंह नाग ने बताया कि पहले उन्हें धान बेचने के लिए गांव से करीब 6 किलोमीटर दूर जमावाड़ा खरीदी केंद्र जाना पड़ता था। टोकन कटवाने से लेकर धान के परिवहन और तौल तक कई तरह की परेशानियां होती थीं। कई बार इसकी देखरेख के लिए रात में भी रुकना पड़ता था। इस वर्ष वे अपना 63 क्विंटल धान बेचने गांव के ही नए केंद्र पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि गांव में ही खरीदी केंद्र शुरू होने से किसानों को बड़ी राहत मिली है।

पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध

ग्राम चिलकुटी निवासी किसान टीकाराम सेठिया भी नए धान उपार्जन केंद्र की सुविधा से खुश हैं। वे यहां अपना 148 क्विंटल धान बेचने पहुंचे। उनका कहना है कि पहले की तुलना में अब धान विक्रय की प्रक्रिया काफी आसान हो गई है। केंद्र में किसानों की सुविधा के लिए पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

दोनों किसानों ने राज्य शासन की कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता देने की पहल की सराहना की। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की यह पहल किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और खेती-किसानी को लाभकारी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar