छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

बस्तर में मजबूत हो रही कनेक्टिविटी, कांकेर में 19 पुलों का निर्माण जारी, 92 करोड़ से 10 नए पुलों को मंजूरी

बस्तर, 17 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित रहे बस्तर संभाग में अब विकास कार्यों को तेजी मिल रही है। खासकर कांकेर जिले के सुदूर और दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा बड़े पुलों का निर्माण कराया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र में कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है।

पिछले तीन वर्षों में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच 174 करोड़ रुपये की लागत से 24 उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। वहीं, वर्तमान में 140 करोड़ रुपये की लागत से 19 पुलों का निर्माण जारी है। इसके अलावा 92 करोड़ रुपये की लागत से 10 नए पुलों के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है।

कोयलीबेड़ा-पखांजूर मार्ग पर बने बड़े पुल

कांकेर जिले के सर्वाधिक नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शामिल कोयलीबेड़ा से पखांजूर मार्ग पर वालेर नदी में 20 करोड़ रुपये, मेढ़की नदी में 12 करोड़ रुपये और महला नदी में 6 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से पुलों का निर्माण किया गया है।

इसी तरह भैंसगांव से आतुरबेड़ा मार्ग पर मेढ़की नदी में 9 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से उच्च स्तरीय पुल बनाया गया है। इन पुलों के निर्माण से न केवल आवागमन आसान हुआ है, बल्कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और विकास कार्यों को भी गति मिली है।

इन निर्माण कार्यों से जिले के लगभग 210 गांवों की 1 लाख 68 हजार आबादी को विकासखंड, तहसील और जिला मुख्यालय से बारहमासी संपर्क की सुविधा मिली है।

कुछ महीनों में 61 करोड़ के 9 पुलों का निर्माण पूरा

नक्सल समस्या समाप्त होने के बाद कांकेर जिले में वृहद पुल निर्माण कार्यों में तेजी आई है। पिछले कुछ महीनों में ही 61 करोड़ रुपये की लागत से 9 उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण पूरा कराया गया है।

इनमें प्रमुख रूप से करेगांव-मंडगांव मार्ग पर 7 करोड़ 46 लाख रुपये, बांसपत्तर-तिरियारपानी मार्ग पर 4 करोड़ 58 लाख रुपये, टुरी नदी पर 4 करोड़ 50 लाख रुपये तथा कापसी (पी.वी.-130)-पखांजूर मार्ग में त्रास नाला पर 6 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से निर्मित पुल शामिल हैं।

इन पुलों के निर्माण से जिले के 80 गांवों की लगभग 56 हजार आबादी को सालभर आवागमन की सुविधा मिली है। इससे ग्रामीणों के लिए उच्च शिक्षा, व्यापार, उन्नत कृषि, पर्यटन गतिविधियों, सामाजिक-सांस्कृतिक संपर्क और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच आसान हुई है। साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में भी सहूलियत मिलेगी।

महाराष्ट्र से अंतरराज्यीय संपर्क होगा मजबूत

नक्सल समस्या समाप्त होने के बाद नारायणपुर माड़ क्षेत्र सहित कांकेर जिले के दूरस्थ इलाकों में अंतरराज्यीय संपर्क को मजबूत बनाने के लिए भी पुल निर्माण कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।

इसके तहत मरबेड़ा-सितरम मार्ग पर कोटरी नदी में 19 करोड़ रुपये, कोयलीबेड़ा-दुता मार्ग पर मेढ़की नदी में 10 करोड़ रुपये तथा ताड़ोकी-बैहासाल्हेभाट मार्ग पर मेढ़की नदी में 6 करोड़ रुपये की लागत से पुलों का निर्माण किया जा रहा है।

वहीं, सोनपुर-नारायणपुर मार्ग पर बेचाघाट में कोटरी नदी पर 17 करोड़ रुपये की लागत से वृहद पुल का निर्माण तेजी से जारी है। इन पुलों के तैयार होने से दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और महाराष्ट्र से अंतरराज्यीय संपर्क भी बेहतर होगा।

140 करोड़ से 19 पुल निर्माणाधीन, 92 करोड़ के 10 नए पुल स्वीकृत

ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य जिला मार्गों, राज्य मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ने के लिए राज्य शासन द्वारा 140 करोड़ रुपये की लागत से 19 उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इनका निर्माण कार्य तेजी से जारी है।

इसके साथ ही 92 करोड़ रुपये की लागत से 10 नए उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण को भी मंजूरी प्रदान की गई है। इन पुलों का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।

स्वीकृत पुलों में प्रमुख रूप से राजनांदगांव-बैलाडीला मार्ग पर निब्रा नदी में 6 करोड़ रुपये, मरोड़ा-बेलगांव-छोटेबिटिया मार्ग पर बेलगांव नाला में 4 करोड़ रुपये, भानुप्रतापपुर-पखांजूर मार्ग पर पासंगी नाला में 5 करोड़ 50 लाख रुपये, कोदाभाट-माटवाड़ा-मोदी मार्ग पर दूध नदी में 16 करोड़ रुपये, सटेली-डांगरा मार्ग पर खंडी नदी में 12 करोड़ रुपये तथा हाटकर्रा-कोटगांव मार्ग पर चिनार नदी में 6 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाए जाएंगे।

इन पुलों के निर्माण से कांकेर जिले के दूरस्थ गांवों की मुख्य मार्गों से कनेक्टिविटी मजबूत होगी। साथ ही ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के बेहतर अवसरों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। बस्तर संभाग में सड़क और पुल निर्माण के जरिए विकास की नई राह तैयार हो रही है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar