बस्तर में धान खरीदी महाअभियान 2026-27 शुरू, किसानों को मिलेगा सामान्य धान पर 2441 और ग्रेड-ए पर 2461 रुपये समर्थन मूल्य

जगदलपुर,13 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी महाअभियान 2026-27 के तहत बस्तर जिला प्रशासन ने किसानों से समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने सभी उपार्जन केंद्रों पर निष्पक्ष व्यवस्था, पारदर्शी तौल और गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इस वर्ष शासन ने सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का समर्थन मूल्य 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। जिला प्रशासन ने अधिकारियों और उपार्जन केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया है कि शासन द्वारा तय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही धान की खरीदी की जाए।
निर्धारित मानकों के अनुसार धान में नमी की मात्रा अधिकतम 17 प्रतिशत होनी चाहिए। वहीं अकार्बनिक और कार्बनिक विजातीय पदार्थों की अधिकतम सीमा एक-एक प्रतिशत तय की गई है। क्षतिग्रस्त, बदरंग, अंकुरित और चुने हुए दानों की मात्रा अधिकतम पांच प्रतिशत हो सकती है, जिसमें क्षतिग्रस्त, अंकुरित और चुने हुए दाने चार प्रतिशत से अधिक नहीं होने चाहिए।
इसके अलावा अपरिपक्व, सिकुड़े और छोटे दानों की मात्रा अधिकतम तीन प्रतिशत तथा निम्न श्रेणी के मिश्रण की सीमा छह प्रतिशत निर्धारित की गई है।
धान खरीदी में तौल व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए प्रशासन ने प्रत्येक बोरे में 40 किलोग्राम धान भरना अनिवार्य किया है। नए जूट बारदाने का मानक वजन 545 ग्राम से 626 ग्राम के बीच निर्धारित किया गया है। इन निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी उपार्जन केंद्र प्रभारियों को सौंपी गई है।
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी खरीदी केंद्रों पर बैठने, पेयजल और छाया जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं बिचौलियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी दल भी सक्रिय कर दिए गए हैं।
जिला प्रशासन का उद्देश्य वास्तविक किसानों से बिना किसी परेशानी के धान खरीदी करना और उन्हें उनकी उपज का सही मूल्य दिलाना है। प्रशासन ने खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता और किसानों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही है।




