गोवर्धन पूजा पर मांढर पहुंचे विधायक अनुज शर्मा, गौ-सेवा और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, ग्रामीणों से की विकास पर चर्चा

ग्राम मांढर,11 नवम्बर 2026
गोवर्धन पूजा के पावन पर्व पर ग्राम मांढर में गोवर्धन पूजा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा ने ग्रामवासियों के साथ भगवान गोवर्धन नाथ एवं गौ-माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने क्षेत्र की निरंतर उन्नति, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा के आगमन पर ग्रामवासियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। ग्रामीणों ने तिलक लगाकर, साफा पहनाकर और पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान पूरा गांव भक्तिमय माहौल और लोक-संस्कृति के रंगों में सराबोर नजर आया।
सनातन परंपरा और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है गोवर्धन पूजा: अनुज शर्मा
पूजा-अर्चना के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने सभी को गोवर्धन पूजा और दीपावली महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सनातन परंपरा, पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर हमें संदेश दिया था कि जीवनदायिनी प्रकृति, पर्वत, नदियां और गौ-धन ही हमारी वास्तविक संपदा हैं। गौ-माता हमारे समाज की रीढ़ हैं और गौ-सेवा से बढ़कर कोई पुनीत कार्य नहीं है।
विधायक ने सभी से अपनी संस्कृति, मिट्टी और गौ-माता की रक्षा एवं सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने भगवान गोवर्धन नाथ से प्रार्थना की कि ग्राम मांढर के प्रत्येक घर में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का वास हो। किसानों के खेत हरे-भरे रहें और गांव प्रगति के नए आयाम स्थापित करे।
उन्होंने ग्रामीणों के आत्मीय स्वागत के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों के सुख-दुख में उनका भाई और सेवक हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा।
गांव की विकास योजनाओं और जनसमस्याओं पर हुई चर्चा
पूजा कार्यक्रम के बाद विधायक अनुज शर्मा ने ग्रामवासियों के साथ बैठक कर गांव के विकास कार्यों और स्थानीय जनसमस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि ग्राम मांढर के सर्वांगीण विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे।
बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, हनुमंत आडिल, सन्नीं साहू, शिवेंद्र साहू सहित गांव के वरिष्ठ नागरिक, यादव समाज के युवा, महिलाएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सभी ने मिलकर भगवान गोवर्धन नाथ को अन्नकूट का प्रसाद अर्पित किया और एक-दूसरे को गोवर्धन पूजा एवं दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं।




