
बकावंड,9 नवम्बर 2026
बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति का मामला सामने आया है। 93 ग्राम पंचायतों वाले बकावंड ब्लॉक के स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर बड़े अस्पताल पहुंचाने के लिए भी परिजनों को खुद व्यवस्था करनी पड़ रही है। इस समस्या को लेकर जनपद सदस्य लालेद बाकडे ने शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है।
गंभीर मरीज को रातभर करना पड़ा इंतजार
जनपद सदस्य लालेद बाकडे ने बताया कि हाल ही में रात के समय एक मरीज की तबीयत अचानक गंभीर हो गई थी। स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर ने मरीज को बेहतर उपचार के लिए जगदलपुर रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल में एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीज को तत्काल वहां नहीं ले जाया जा सका। मजबूरी में परिजनों को पूरी रात इंतजार करना पड़ा। इसके बाद सुबह ऑटो किराये पर लेकर मरीज को जगदलपुर पहुंचाना पड़ा।
सांसद महेश कश्यप को भी दी जा चुकी है जानकारी
लालेद बाकडे ने बताया कि बकावंड ब्लॉक में एंबुलेंस की आवश्यकता को लेकर भाजपा सांसद महेश कश्यप को पहले भी अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है।
जल्द एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग
जनपद सदस्य लालेद बाकडे ने सांसद महेश कश्यप से बकावंड स्वास्थ्य केंद्र में जल्द से जल्द एंबुलेंस की व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर बेहतर उपचार के लिए बड़े अस्पताल पहुंचाना बेहद जरूरी है। एंबुलेंस सुविधा के अभाव में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक परेशानी के साथ स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि शासन-प्रशासन इस गंभीर समस्या पर जल्द ध्यान देगा।





