दो साल बाद फिर बनेगी कांग्रेस सरकार! भूपेश बघेल का बड़ा दावा, नवागढ़ को स्थायी SDM कार्यालय देने का किया वादा

जांजगीर-चांपा,6 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरुवार को जांजगीर-चांपा जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कोसला और खरौद के साथ जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र के नवागढ़ में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
नवागढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शहीद राजेंद्र कश्यप की प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम में विधायक ब्यास कश्यप ने दो साल बाद प्रदेश में फिर से कांग्रेस की सरकार बनाने का संकल्प जताया। साथ ही उन्होंने नवागढ़ में स्थायी एसडीएम कार्यालय खोलने की मांग रखी।
इस पर भूपेश बघेल ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर नवागढ़ को स्थायी अनुविभागीय कार्यालय (SDM कार्यालय) की सौगात दी जाएगी।
बीजेपी सरकार पर साधा निशाना
भूपेश बघेल ने बीजेपी सरकार के करीब तीन साल के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए उसे किसान, युवा और छत्तीसगढ़िया विरोधी बताया। उन्होंने सरकार की नीतियों और विभिन्न मुद्दों पर सवाल उठाए।
उन्होंने SIR प्रक्रिया के जरिए लोकतंत्र का गला घोंटने और जनता के वोट देने के अधिकार को छीनने का आरोप लगाया। बघेल ने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने लोकतंत्र को दबाते हुए मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी की है।




