नई दिल्ली

दिवाली से पहले कांग्रेस की महारैली का व्यापारियों ने किया विरोध, रामलीला मैदान की बुकिंग रद्द करने की मांग

नई दिल्ली,17 अक्टूबर 2026

दिवाली से पहले 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित कांग्रेस की महारैली को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। दिल्ली व्यापार महासंघ ने रैली का विरोध करते हुए उपराज्यपाल, पुलिस आयुक्त और एमसीडी आयुक्त को पत्र लिखकर मैदान की बुकिंग रद्द करने की मांग की है।

महासंघ का कहना है कि दिवाली के त्योहारी सीजन में रैली आयोजित होने से कारोबार, यातायात और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। व्यापारियों ने आशंका जताई है कि रैली के कारण दिल्ली के करीब 30 प्रतिशत थोक व्यापार पर असर पड़ सकता है।

व्यापारियों ने रामलीला मैदान के आसपास स्थित चांदनी चौक, सदर बाजार, खारी बावली और चावड़ी बाजार जैसे प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में कारोबार प्रभावित होने की आशंका जताई है। इसके अलावा एलएनजेपी, जीबी पंत, मौलाना आजाद और गुरु नानक आई सेंटर जैसे अस्पतालों तथा नई दिल्ली रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में भी परेशानी होने की बात कही है।

दिल्ली व्यापार महासंघ ने लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करते हुए रैली के लिए वैकल्पिक स्थान चुनने की अपील की है। महासंघ ने प्रशासन से कार्यक्रम को दिल्ली से बाहर किसी उपयुक्त स्थान पर आयोजित कराने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar