स्वास्थ्य लाभ के बाद पहली बार जगदलपुर पहुंचे किरण सिंह देव, शहीद पार्क चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

जगदलपुर, 16 अक्टूबर। स्वास्थ्य लाभ के बाद पहली बार जगदलपुर पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव का शहीद पार्क चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। उनके आगमन को लेकर बस्तर अंचल के कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
स्वागत कार्यक्रम में बस्तर, करपावंड, सरगीपाल और बकावंड क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया। कार्यकर्ताओं ने उनके स्वस्थ होकर लौटने पर प्रसन्नता व्यक्त की और उनका स्वागत करते हुए अपनी आत्मीयता जाहिर की।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि किरण सिंह देव का स्वास्थ्य लाभ के बाद फिर से सक्रिय भूमिका में लौटना संगठन के कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह का विषय है। उनके जगदलपुर आगमन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प भी व्यक्त किया। शहीद पार्क चौक पर आयोजित इस स्वागत कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रदेश अध्यक्ष के प्रति अपना समर्थन एवं सम्मान प्रकट किया।




