छत्तीसगढ़

बलौदाबाजार में नए जिला परिवहन कार्यालय का लोकार्पण, घर बैठे मिलेंगी सेवाएं; सोनबरसा जंगल सफारी को ₹1.5 करोड़ की सौगात


रायपुर, 5 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ में परिवहन सेवाओं और नागरिक सुविधाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में एक और कदम बढ़ाया गया है। परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने सोमवार को बलौदाबाजार के ग्राम पंचायत परसाभदेर में नवनिर्मित जिला परिवहन कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा की मौजूदगी में हुए कार्यक्रम में सोनबरसा जंगल सफारी के विकास के लिए 4 नई जिप्सियों और परिसर के सौंदर्यीकरण एवं अधोसंरचना विकास के लिए ₹1.5 करोड़ की स्वीकृति भी प्रदान की गई।

लोकार्पण के बाद मंत्रियों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नए परिवहन कार्यालय के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। मंत्रीद्वय ने उच्च गुणवत्ता वाले निर्माण की सराहना करते हुए अधिकारियों को आम जनता की सुविधा और नागरिक केंद्रित सेवाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार जन-आकांक्षाओं को प्राथमिकता देते हुए परिवहन सेवाओं का तेजी से डिजिटलीकरण और आधुनिकीकरण कर रही है। आने वाले समय में परिवहन विभाग से जुड़े कार्य पूरी तरह डिजिटल प्रणाली पर आधारित होंगे, जिससे नागरिकों को घर बैठे आवश्यक परिवहन सेवाएं पूरी करने की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि जिले में 2 लाख 14 हजार से अधिक वाहन पंजीकृत हैं। मंत्री ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए विशेष रूप से स्कूली बच्चों के वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर चिंता जताई। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।

मंत्री ने सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए संचालित ‘राहवीर योजना’ की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत पीड़ितों को डेढ़ लाख रुपये तक का मुफ्त और कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने जिले की 5 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में परिवहन सुविधा केंद्रों के सफल संचालन और 572 लर्निंग लाइसेंस जारी होने पर भी प्रसन्नता जताई।

राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने जिलेवासियों को नए कार्यालय की सौगात के लिए बधाई देते हुए बताया कि महज पौने दो वर्षों के रिकॉर्ड समय में सर्वसुविधायुक्त आधुनिक भवन का निर्माण पूरा किया गया है। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही जिले में अत्याधुनिक वाहन टेस्टिंग सुविधा भी शुरू की जाएगी, जिससे लोगों को वाहन जांच के लिए दूसरे शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

कार्यक्रम के दौरान 80 वर्ष से अधिक आयु के 10 वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क बस पास प्रदान किए गए। वहीं 5 वाहन स्वामियों को लाइसेंस और 5 चालकों को सुरक्षा के लिए हेलमेट वितरित किए गए।

कार्यक्रम के अंत में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में मंत्रियों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कार्यालय परिसर में पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा एवं प्रमोद शर्मा, भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष, अपर आयुक्त परिवहन, मुख्य वन संरक्षक रायपुर वृत्त मणीवासन, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक, डीएफओ सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar