छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

बस्तर फाइटर्स भर्ती में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता, 5,800 युवाओं को मिलेगा रोजगार: केदार कश्यप

रायपुर, 19 जुलाई 2026

वन मंत्री केदार कश्यप ने बस्तर फाइटर्स भर्ती नियमों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दिए जाने के राज्य सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय बस्तर के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, क्षेत्र की सुरक्षा और समग्र विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। इससे बस्तर संभाग के लगभग 5,800 स्थानीय युवाओं को सरकारी सेवा में रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में बस्तर विकास, विश्वास और अवसरों के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के लगातार प्रयासों से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है और युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और बेहतर भविष्य के नए रास्ते खुले हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बस्तर के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार जनहितकारी और दूरदर्शी फैसले ले रही है। बस्तर फाइटर्स भर्ती में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने का निर्णय इसी सोच का परिणाम है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह फैसला बस्तर के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगा।

केदार कश्यप ने कहा कि स्थानीय युवा अपनी भाषा, संस्कृति, भौगोलिक परिस्थितियों और सामाजिक परिवेश से भली-भांति परिचित हैं। उनकी भागीदारी से सुरक्षा व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी, प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास मजबूत होगा तथा विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि यह निर्णय केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भर, सुरक्षित और विकसित बस्तर के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उनके अनुसार, साय सरकार का यह फैसला बस्तर के युवाओं के विश्वास को मजबूत करेगा और क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar