
कोंडागांव, 21/05/26। जिले में नागरिक सुरक्षा और आपात सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए Dial 112 आपातकालीन सेवा का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर संसदीय क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक लता उसेण्डी ने की। इस अवसर पर नीलकंठ टेकाम, नगरपालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेण्डी, कलेक्टर नुपुर पन्ना, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
अब सिर्फ 112 डायल करते ही मिलेगी त्वरित मदद
Dial 112 सेवा छत्तीसगढ़ पुलिस की एक महत्वाकांक्षी परियोजना है। अब जिले में किसी भी नागरिक को पुलिस सहायता, एंबुलेंस, अग्निशमन सेवा, महिला सुरक्षा, सड़क दुर्घटना या अन्य किसी भी आपात स्थिति में केवल 112 नंबर डायल करना होगा।
यह सेवा 24×7 सक्रिय रहेगी। कॉल प्राप्त होते ही आधुनिक कॉल सेंटर में प्रशिक्षित ऑपरेटर सूचना लेकर जीपीएस आधारित प्रणाली के माध्यम से संबंधित टीम को तुरंत सक्रिय करेंगे। सेवा में बहुभाषी सहायता, कॉल रिकॉर्डिंग, रियल-टाइम मॉनिटरिंग और क्विक रिस्पॉन्स टीम जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी, जिससे घटनास्थल पर 10 से 15 मिनट के भीतर पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।


कर्मचारियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
Dial 112 सेवा के प्रभावी संचालन के लिए कॉल सेंटर ऑपरेटरों, कर्मचारियों और क्विक रिस्पॉन्स टीम को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षण में आपात स्थिति में त्वरित निर्णय, कॉल हैंडलिंग, विभागीय समन्वय और संवेदनशील मामलों में सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार पर विशेष ध्यान दिया गया।
पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा ने कहा कि Dial 112 का शुभारंभ जिले में नागरिक सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि अब किसी भी आपात स्थिति में लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, केवल 112 डायल करते ही प्रशिक्षित टीम तत्काल सहायता के लिए पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि नक्सल मुक्त कोंडागांव को और अधिक सुरक्षित, आधुनिक और नागरिक-अनुकूल बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
मोबाइल फॉरेंसिक वैन का भी शुभारंभ
इसी कार्यक्रम में अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस वैन में रक्त नमूना परीक्षण किट, डिजिटल साक्ष्य संग्रहण उपकरण, सीसीटीवी फुटेज एक्सट्रैक्शन सिस्टम, जीपीएस, उच्च क्षमता वाले लैपटॉप-कंप्यूटर और अन्य आधुनिक तकनीकी उपकरण लगाए गए हैं।
अब अपराध स्थल पर त्वरित फॉरेंसिक जांच संभव हो सकेगी, जिससे जांच प्रक्रिया अधिक तेज, वैज्ञानिक और विश्वसनीय बनेगी।
जनसामान्य से अपील
जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत Dial 112 करें और अनावश्यक कॉल कर सेवा को बाधित न करें। पुलिस ने लोगों से इस नंबर को अपने मोबाइल में सेव रखने की भी अपील की है।
कोंडागांव पुलिस ने कहा कि उसका संकल्प है — “हर आपात में हम तैयार”। Dial 112 और मोबाइल फॉरेंसिक वैन के माध्यम से जिले के प्रत्येक नागरिक को बेहतर सुरक्षा और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।




