इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ने का अलर्ट: 29 सितंबर रात 2 बजे तक जगदलपुर पहुंच सकता है असर, 1 मीटर तक बढ़ सकता है पानी

जगदलपुर, 29 सितंबर 2026। इंद्रावती नदी के जलस्तर में आज रात बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी के तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से राहत शिविरों और सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट होने की अपील की है। प्रशासन ने अधिकारियों और आपदा प्रबंधन दलों को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
केंद्रीय जल आयोग, हैदराबाद की एडवाइजरी के अनुसार, ओडिशा के नबरंगपुर स्थित इंद्रावती नदी के ऊपरी हिस्से में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसके पीछे अपस्ट्रीम से आने वाले अधिक जल प्रवाह और जलाशयों से छोड़े जा रहे पानी को प्रमुख कारण बताया गया है।
आयोग के अनुमान के मुताबिक, बढ़े हुए जलस्तर का असर 29 सितंबर की सुबह करीब 2 बजे तक जगदलपुर पहुंच सकता है। जगदलपुर स्टेशन पर नदी के जलस्तर में 60 सेंटीमीटर से 1 मीटर तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। जलस्तर तेजी से बढ़ने की स्थिति को लेकर भी प्रशासन को सतर्क किया गया है।
स्थिति को देखते हुए कलेक्टर आकाश छिकारा ने इंद्रावती नदी तट के आसपास स्थित बस्तियों और गांवों के लोगों से समय रहते राहत शिविरों या अन्य सुरक्षित स्थानों पर जाने का आग्रह किया है। उन्होंने आपात स्थिति में बाढ़ नियंत्रण कक्ष और संबंधित क्षेत्र के राजस्व अधिकारियों को तत्काल सूचना देने की अपील की है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए किसी तरह का जोखिम न लें और प्रशासन द्वारा बताए गए सुरक्षित स्थानों पर समय रहते पहुंचें।




