
जगदलपुर, 11 जुलाई 2026
बस्तर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लूट के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आदतन बदमाश अनिल कुमार बघेल को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक युवक के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल और नकदी लूट ली थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपये कीमत का रियलमी मोबाइल बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी रोशन, निवासी मेटगुड़ा, जगदलपुर, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 जून 2026 को वह आसना से पनारापारा आ रहा था। इसी दौरान स्कूल के पास खड़े अनिल कुमार बघेल ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की और उसकी जेब से रियलमी कंपनी का मोबाइल (कीमत 10 हजार रुपये) तथा 1,500 रुपये नकद लूटकर फरार हो गया।
मामले की शिकायत पर कोतवाली थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के पर्यवेक्षण में नगर निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने मारपीट कर मोबाइल और नकदी लूटने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से लूटा गया मोबाइल बरामद कर जब्त कर लिया। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 11 जुलाई 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अनिल कुमार बघेल पूर्व में भी NDPS एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है और वह आदतन अपराधी है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उपनिरीक्षक प्रमोद ठाकुर, अरुण मरकाम, PSI भूपेंद्र पैकरा, सहायक उपनिरीक्षक बिजेंदर सिंह, प्रधान आरक्षक विनोद चांदने, आरक्षक रंगलाल खरे, केशव चंद्रा, बलराम तथा महिला आरक्षक रीना अनंत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




