भारी बारिश के चलते आज छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल बंद: मुख्यमंत्री साय ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए लिया बड़ा फैसला

रायपुर, 26 सितंबर 2026। प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आज शनिवार 26 सितंबर को प्रदेश के सभी स्कूलों में अवकाश रखने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारी बारिश के कारण प्रदेश के कई क्षेत्रों में जलभराव, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि और आवागमन में कठिनाई की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसी परिस्थितियों में स्कूली बच्चों को किसी प्रकार का जोखिम न उठाना पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए प्रदेशभर के विद्यालयों में आज अवकाश रखने का निर्णय लिया गया है।
यह अवकाश प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों पर लागू रहेगा।
मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को आज घर पर ही रखें। साथ ही मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें।
मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों एवं सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि स्कूलों में अवकाश संबंधी आदेश का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन को भी जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों और निचले इलाकों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।




