नवरात्रि में श्रद्धालुओं के लिए रोटरी क्लब चलाएगा निःशुल्क बस सेवा, मंत्री केदार कश्यप से प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ शासन के वन, परिवहन, सहकारिता, जलवायु परिवर्तन एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप से रोटरी क्लब ऑफ जगदलपुर के प्रतिनिधिमंडल ने जगदलपुर सर्किट हाउस में शिष्टाचार मुलाकात की।
इस दौरान रोटरी क्लब ऑफ जगदलपुर के अध्यक्ष डॉ. मनोज थॉमस, सचिव अंकित गोयल और उपाध्यक्ष संग्राम सिंह राणा मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री केदार कश्यप को आगामी 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले शारदीय नवरात्रि पर्व के दौरान क्लब द्वारा शुरू की जाने वाली निःशुल्क बस सेवा की जानकारी दी।
रोटरी क्लब की ओर से जगदलपुर से दंतेवाड़ा स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को निःशुल्क बस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस सेवा का उद्देश्य नवरात्रि के दौरान मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाजनक और नि:शुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।
बस सेवा के शुभारंभ अवसर पर मंत्री केदार कश्यप सहित जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी। रोटरी क्लब की इस पहल को नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा से जोड़कर देखा जा रहा है।
रोटरी क्लब ऑफ जगदलपुर के अध्यक्ष डॉ. मनोज थॉमस ने बताया कि रोटरी क्लब लंबे समय से मानवीय सहायता, शांति, सामुदायिक विकास, पोलियो उन्मूलन, बीमारी नियंत्रण, स्वच्छ जल एवं स्वच्छता, शिक्षा-साक्षरता और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब ऑफ जगदलपुर आगे भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाता रहेगा।




