पूरे प्रदेश की 251 तहसीलों में भारतीय किसान संघ का हल्लाबोल, CM के नाम सौंपा ज्ञापन

बस्तर,17 सितम्बर 2026
भारतीय किसान संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के आह्वान पर शुक्रवार को प्रदेश की 251 तहसीलों में एक दिवसीय आंदोलन किया गया। इस दौरान किसानों ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। बस्तर जिले में भी सभी 10 तहसीलों में एक साथ आंदोलन हुआ। जिला अध्यक्ष नील कुमार बघेल ने आंदोलन की कमान संभाली और दिनभर सभी तहसीलों के पदाधिकारियों से संपर्क कर दिशा-निर्देश दिए।
बस्तर तहसील में जिला महिला प्रमुख जयंती नेताम, सह मंत्री लखमी बघेल और जिला अनुसूचित जनजाति प्रमुख रमेश कश्यप के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा गया। वहीं जगदलपुर में जिला अध्यक्ष नील कुमार बघेल, जिला उपाध्यक्ष सुनीता दास, जिला कोषाध्यक्ष नंद किशोर पांडेय, महिला प्रमुख जयंती नेताम, सह मंत्री लखमी बघेल और कार्यालय मंत्री त्रिनाथ आचार्य की मौजूदगी में ज्ञापन दिया गया।
भानपुरी तहसील में जिला अध्यक्ष नील कुमार बघेल के नेतृत्व में किसानों ने ज्ञापन सौंपा। बकावंड में जिला सहकारिता प्रमुख बासुदेव कश्यप और जिला सह प्रचार-प्रसार प्रमुख सनत कुमार बघेल की उपस्थिति में कार्यक्रम हुआ। लोहंडीगुड़ा में जिला उपाध्यक्ष बोरगुराम बघेल, तोकापाल में जिला स्वदेशी अभियान प्रमुख उर्मिला गोयल और मंत्री सतेंद्र सिंह ठाकुर की मौजूदगी में ज्ञापन सौंपा गया।
दरभा तहसील में जिला कोषाध्यक्ष नंद किशोर पांडेय और कार्यालय मंत्री त्रिनाथ आचार्य के नेतृत्व में, बास्तानार में जिला युवा प्रमुख रूपाराम मुचाकी के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा गया। करपावंड में लखमू नेताम और नानगुर तहसील में तहसील कार्यकारिणी ने किसानों की ओर से ज्ञापन दिया।
भारतीय किसान संघ ने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें गौवंदन योजना को जी राम जी योजना से जोड़ना, 2022-23 की लंबित 1700 करोड़ रुपये की धान राशि का तत्काल भुगतान और कृषक उन्नति योजना में 800 रुपये प्रति क्विंटल वार्षिक वृद्धि कर फल-सब्जी किसानों को भी शामिल करना शामिल है।




