छत्तीसगढ़

भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने को लगातार दो पेराई सत्रों में राष्ट्रीय सम्मान, केदार कश्यप ने दी बधाई

रायपुर,16 सितम्बर 2026

भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना, कवर्धा का पेराई सत्र 2024-25 और 2025-26 में सर्वोच्च शुगर रिकवरी के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित ‘हाइएस्ट शुगर रिकवरी एफिशिएंसी अवार्ड’ के लिए चयन हुआ है। लगातार दो पेराई सत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि को छत्तीसगढ़ के सहकारिता क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कारखाने के प्रबंध संचालक गौरी शंकर शर्मा से भेंट के दौरान इस उपलब्धि पर उन्हें, कारखाना प्रबंधन, कर्मचारियों और गन्ना उत्पादक किसानों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

केदार कश्यप ने कहा कि यह सम्मान किसानों की मेहनत और सहकारी व्यवस्था की सामूहिक शक्ति का परिणाम है। गुणवत्तापूर्ण गन्ने का उत्पादन, कारखाने की तकनीकी दक्षता और बेहतर प्रबंधन ने छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि राज्य में सहकारी संस्थाओं को आधुनिक, पारदर्शी, जवाबदेह और किसान हितैषी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

मंत्री ने कहा कि सहकारी संस्थाओं को केवल आर्थिक गतिविधियों तक सीमित न रखकर उन्हें ग्रामीण विकास और किसान सशक्तिकरण का माध्यम बनाया जा रहा है। सहकारिता विभाग में डिजिटलाइजेशन, पैक्स के कम्प्यूटरीकरण, आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार और पारदर्शिता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प के तहत प्रदेश की सहकारी व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने की उपलब्धि अन्य सहकारी संस्थाओं को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।

22 सितंबर को नई दिल्ली में मिलेगा सम्मान

भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने को दोनों पेराई सत्रों के लिए चयनित पुरस्कार 22 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में प्रदान किए जाएंगे। समारोह में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल सहित विभिन्न राज्यों के मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और सहकारी चीनी मिलों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।

नेशनल को-ऑपरेटिव शुगर फेडरेशन देश की करीब 260 सहकारी चीनी मिलों और नौ राज्यस्तरीय चीनी महासंघों का प्रतिनिधित्व करता है। फेडरेशन द्वारा गन्ना विकास, तकनीकी दक्षता, वित्तीय प्रबंधन, शुगर रिकवरी, डिस्टिलरी संचालन और समग्र प्रदर्शन जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सहकारी चीनी मिलों को सम्मानित किया जाता है।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने की सफलता बताती है कि किसान, सहकारी संस्था और सरकार मिलकर काम करें तो सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar